हावड़ा-पश्चिम बंगाल,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
हावड़ा नगर निगम इलाके में व्यापक रूप से बढ़ रहे डेंगू के प्रकोप को रोकने में असमर्थ निगम के खिलाफ आज हावड़ा ज़िला भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का विरोध प्रदर्शन हुआ। हावड़ा मैदान स्थित स्वामी विवेकानंद की मूर्ति के पास से सैकड़ों भाजयुमो कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में भाजयुमो के प्रदेश महासचिव एवं खानाकुल के विधायक सुशांत घोष, प्रदेश भाजपा सचिव उमेश राय, ज़िला भाजपा अध्यक्ष मनी मोहन भट्टाचार्य के नेतृत्व में जुलूस निगम की ओर बढ़ा। हावड़ा मैदान के बंगोबासी से महात्मा गांधी रोड होते हुए निगम की ओर बढ़ते भाजपा कार्यकर्ताओं को निगम कार्यालय पहुचने से पहले ही पुलिस ने भारी संख्या बल के साथ बैरिकेड कर रोक लिया। जहां भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस में नोकझोंक हुई।
मौके पर भाजपा नेता उमेश राय ने कहा कि समूचे हावड़ा में डेंगू का प्रकोप दिन प्रति दिन बढ़ता जा रहा है। सभी नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटर डेंगू मरीजों से पटे पड़े है। पूरे बंगाल में डेंगू के सबसे ज्यादा प्रकोप वालों ज़ीलों में हावडा प्रमुख है। जलनिकासी की बदहाली के कारण हावडा में मच्छर का प्रभाव ज्यादा है। सफाई, जलनिकासी जैसे मुद्दों पर हावड़ा पूर्ण रूप से व्यर्थ है। वहीं सफाई कर्मचारियों की कमी और आर्थिक तंगी के कारण भी निगम दिवालिया हो चुका है।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष संजय चक्रवर्ती ने कहा कि आज भाजयुमो का विरोध प्रदर्शन है, अगर निगम ने सफाई व्यवस्था और डेंगू की रोकथाम के लिए उचित व्यवस्था नहीं किया तो भाजपा व्यापक आंदोलन करेगी।