वाराणसी-उत्तर प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के साथ की मुलाकात
जापान के विश्वविद्यालयों तथा व्यापारिक संस्थानों और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के बीच सहयोग बढ़ाने के इरादे से जापानी दूतावास में आर्थिक व विकास मामलों के राजनयिक डॉ. शिंगो मियामोतो ने बीएचयू का दौरा किया तथा कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के साथ मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान कुलपति ने जापानी संस्थानों, विशेष रूप से वाणिज्यिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की वृहद साझेदारी की आवश्यकता पर बल दिया। इस मुलाकात के दौरान काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के समन्वयक प्रो. एन. वी. चलपति राव भी उपस्थित रहे। डॉ. मियामोतो का बीएचयू दौरा ऐसे समय में हुआ है जब कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन के नेतृत्व में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों व विद्यार्थियों के हित के मद्देनज़र दीर्घकालिक द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सहयोग को विशेष महत्व दिया जा रहा है तथा इस संबंध में गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं। साथ ही साथ कुछ खास क्षेत्रों में बीएचयू को जापानी सहयोग मिलने के लिहाज़ से भी यह दौरा अहमियत रखता है।
इससे पहले जापानी राजनयिक ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में जापानी भाषा सीख रहे विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय केन्द्र के समन्वयक प्रो. एस. वी. एस. राजू तथा शिक्षक गण भी उपस्थित रहे।
डॉ. मियामोतो ने कहा कि जापान और भारत की दोस्ती के 75वें वर्ष में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय की जापान के शैक्षणिक संस्थानों के साथ साझेदारी का विस्तार करने का यह बेहतरीन अवसर है और इस दिशा में और अधिक कार्य किये जाने की आवश्यकता है। उन्होंने जापानी भाषा तथा हिन्दी में कई समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाषा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ करने में महती भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि जापान के लिए भारत एक अत्यंत विशेष राष्ट्र है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जापान से और अधिक संख्या में विद्यार्थी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में शिक्षा ग्रहण करने आएंगे, जो भारत की संस्कृति एवं विविधता का एक लघु रूप परिलक्षित करता है।