--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कोरोना वायरस की तीसरी लहर में बिहार में 20-29 आयु वर्ग के लोग सर्वाधिक संक्रमित हुए हैं। इस कड़ी में दूसरे पायदान पर 30 से 39 आयु वर्ग के लोग हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने यह जानकारी देते हुये बताया कि पहली लहर में बीमार और बुजुर्ग लोग जल्दी संक्रमित हो रहे थे। दूसरी लहर में वायरस ने युवाओं को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया। कहा जा रहा था कि तीसरी लहर बच्चों के लिए जानलेवा हो सकती है। किन्तु तीसरी लहर में बिहार में 20-29 आयु वर्ग के लोग सर्वाधिक संक्रमित हुए हैं। इस कड़ी में दूसरे पायदान पर 30 से 39 आयु वर्ग के लोग हैं।
अपर मुख्य सचिव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग एक जनवरी से 10 जनवरी के बीच राज्य में मिले संक्रमितों के आधार पर आयु वर्ग संक्रमितों का आंकड़ा तैयार किया है। इसके साथ ही पुरूष और महिलाओं का भी अलग-अलग आंकड़े तैयार किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक संक्रमितों में 66.9 प्रतिशत पुरूष और 33.1 प्रतिशत महिलाएं कोरोना की चपेट में आई हैं।
प्रत्यय अमृत ने बताया कि तैयार आयुवार आंकड़े के अनुसार 60 से अधिक आयु के 8.6 प्रतिशत लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। जबकि 20 से 29 आयु में 28 प्रतिशत और 30 से 39 आयु के 23.9 प्रतिशत लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी किए आयुवार संक्रमण के आयुवार आंकड़ो के अनुसार 0 से 9 वर्ष के 1.9 प्रतिशत, 10 से 19 के 10.0, 20 से 29 28.0, 30 से 39 23.9, 40 से 49 के 15.2, 50 से 59 वर्ष के 12.5 और 60 प्लस के 8.6 प्रतिशत संक्रमित पाये गये हैं।