--एकलव्य कुमार,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कोरोना काल में जिन बच्चों ने अपने अभिभावकों को खो दिया है तथा पढ़ाई से वंचित हो गए हैं, उन बच्चों को टेंडर हार्टस इंन्टरनेशनल स्कूल के द्वारा मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। टेंडर हार्टस इन्टरनेशनल स्कूल के संस्थापक स्व• राजकुमार भार्गव की 19वीं पुण्यतिथि एवं शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या के उपलक्ष्य में विद्यालय के निर्देशक रवि भार्गव एवं राजीव भार्गव ने इस बात की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के कारण उत्पन्न आर्थिक संकट झेल रहे अभिभावकों के बच्चे को भी रियायती दर पर पढ़ाया जायेगा।
श्री भार्गव ने कहा कि कोविड-19 से उत्पन्न संकटपूर्ण परिस्थितियों के कारण बच्चों का पढ़ाई से वंचित हो जाना, अभिभावकों पर आर्थिक दबाव, ऑनलाइन पढ़ाई के लिए साधनों का अभाव, स्कूलों का दो साल से बंद होना, ऑनलाइन पढ़ाई में पाठ समझ में नहीं आना आदि कारणों से बच्चे पढ़ाई से विमुख होते जा रहे हैं।
■ आठवीं तक के बच्चों के लिए मान्य
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों को स्कूल भेजकर देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करें। यह सुविधा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए मान्य होगा। नामांकन की प्रक्रिया 6 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगी। यह सुविधा टेंडर हार्टस इंन्टरनेशनल स्कूल की दो शाखाओं हाजीगंज पटना सिटी तथा राजेन्द्रनगर रोड नः-6, पटना में मिलेगी।
निर्देशक रवि भार्गव ने कहा कि कोरोना काल (पिछले दो साल) में हम सभी ने अपनों को खोया है, अपनों को खोने का दर्द जिन्होंने खोया है, सिर्फ उन्हीं को पता है, तथा कोरोना के वजह से समाज का बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होनें यह भी कहा कि हमें आगे बढ़कर उन बच्चों का ख्याल रखना चाहिए, जिन्होनें समाज में अपने अभिभावकों को खोया है, तथा जिनका कोई नहीं रहा उनको एक नई दिशा देकर भारत का अच्छा नागरिक बनाना है।
स्कूल के संस्थापक स्व• राजकुमार भार्गव की 19वीं पुण्यतिथि पर स्कूल के शिक्षकों तथा बच्चों ने उन्हे पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। डा• राधाकृष्णन की जीवनी पर बच्चों ने चर्चा की। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए स्कूल की प्राचार्य डा• जूली भार्गव सहित शिक्षकाएँ – ज्योत्सना, रश्मि पूनम सानिया, सीमा, प्राची, पम्मी इत्यादि ने सहयोग दिया।