आँखों में सपनों की ताकत होनी चाहिए : पूजा एन शर्मा



--एकलव्य कुमार,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

डी.वर्षम कला मंच व स्वराँजलि के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को लघु फिल्म "ग़रीब की बेटी बनी कलक्टर" के प्रीमियर शो का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिक्षाविद व मिसेज बिहार पूजा एन शर्मा ने फिल्म देखने के बाद कहा कि सफलता के लिए आँखों में सपनों की ताकत होनी चाहिए। साथ ही उन्होनें एक कविता 'कब एक लड़की ख़ास हो गई, पता नहीं चला, कब वो दूसरों के लिए, आस हो गई' कविता पढ़ते हुए कहा कि फिल्म का उद्देश्य सार्थक साबित हुआ।

प्रीमियर शो का उदघाटन करते हुए डॉ• ध्रुव कुमार ने कहा कि फिल्म की पटकथा, संवाद व दृश्यांकन के साथ ही अभिनेताओं की सशक्त भूमिका ने फिल्म में जान फूंक दी है़। उन्होंने कहा कि कैसे बदले की भावना को भुला, पढ़ लिख कर गरीब की बेटी ने कलक्टर बनकर, समाज को जो आईना दिखाया। एक नव संदेश का संचार इस फिल्म के माध्यम से हुआ है़। डॉ• कुमार ने अपने संबोधन में फिल्म के तकनीकि पक्ष की भी विस्तार से चर्चा की।

वहीं स्वराँजलि संस्था के संयोजक अनिल रश्मि ने कहा कि फिल्म में कलक्टर की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री के अभिनय को देख मेरी आँखों में आँसू आ गए। उन्होंने फिल्म को शिक्षाप्रद बताया साथ ही कहा कि ऐसी फिल्मों का निर्माण विकृत समाज के सुधार हेतु आवश्यक है़। विद्यालयों में यह फिल्म दिखाई जानी चाहिए।

प्रीमियर शो के विशिष्ठ अतिथि अभिनेता जितेंद्र कुमार पाल ने कहा कि फिल्म का संदेश बहुत सी सारगर्भित है़। उन्होंने कहा कि "बदला ना लें, ख़ुद को बदल डालें।" उन्होंने बताया कि पिता की भूमिका में फिल्म के निर्देशक सन्नी पटेल क़ा अभिनय बहुत ही मार्मिक था।

इस मौके पर "पटनेवाली दुल्हनियां ले जाएंगे" के अभिनेता किशोर सिंह ने कहा कि कलाकारों का अभिनय देखकर मैं हतप्रभ हूँ। साथ ही उन्होंने कहा कि अगली फिल्म की शूटिंग पटना सिटी में करूंगा और इस फिल्म के कलाकारों को मौक़ा दूंगा। इस फिल्म में जमींदार की सशक्त भूमिका रामजी मेहता ने निभाई है़।

प्रिमयर शो के प्रारंभ में रामजी मेहता ने अंगवस्त्र देकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सीता सिन्हा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सन्नी पटेल ने किया। इस मौके पर संजय विशाल, गायक अभिषेक पैट्रिक, अहमद रज़ा हाशमी, सुनीता रानी, रोमा कुमारी सहित संस्था के सभी सदस्य मौजूद थे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News