--राम विलास,
नालंदा-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राजगीर में नवनिर्मित नेचर सफारी और जू सफारी का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सप्ताह बाद शीघ्र किया जाएगा। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है।
दो दिवसीय दौरे पर रविवार को राजगीर पहुंचे पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार बबलू ने कहा कि राजगीर में नवनिर्मित नेचर सफारी और जू सफारी का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सप्ताह बाद शीघ्र किया जाएगा। यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट है। उन्होनें कहा कि प्रदूषण मुक्त पर्यावरण और सूबे को हरियाली से आच्छादित करने के लिए पांच करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने कहा कि राजगीर में चल रहे विभागीय योजनाओं का उद्घाटन करने से पहले वे निरीक्षण करने आये हैं। वे नीचे सफारी और जू सफारी का भौतिक निरीक्षण करेंगे और विभागीय एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी योजनाओं का निर्माण कार्य कितना पूरा हुआ है कितना बाकी है और शेष बचे कार्यों का निर्माण कितने दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा इन सभी बिंदुओं पर अधिकारियों से विचार विमर्श तथा समीक्षा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो एक सप्ताह के बाद शीघ्र ही मुख्यमंत्री के हाथों नेचर सफारी और जू सफारी का लोकार्पण किया जायेगा। उद्घाटन के साथ ही इसे पर्यटकों सहित आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने कहा कि राजगीर को क्लीन - ग्रीन और प्रदूषण मुक्त पर्यटक शहर बनाने के लिए हर स्तर पर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए जल जीवन हरियाली योजना, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण अभियान को जनान्दोलन बनाने पर विशेष जोर दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राजगीर को प्रदूषण मुक्त पर्यटक शहर बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलायी जा रही है। राजगीर के पर्यटक स्थलों को इको टूरिज्म सेंटर के रूप में डेवलप किया जा रहा है। प्रदूषण मुक्त करने की योजना के तहत ही टमटम की जगह ई-रिक्शा का परिचालन किया गया है। राजगीर को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक बस का परिचालन किया जा रहा है। शीघ्र ही पर्यटक शहर राजगीर की सड़कों पर इलेक्ट्रिक कार भी दौड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में 30 करोड़ पेड़ लगाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध ईट उद्योग एवं आरा मशीन को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई शुरू किया गया है। संजय गांधी जैविक उद्यान की तरह राजगीर के वेणुवन पार्क को मॉर्निंग वॉक के लिए खोलने की मांग स्थानीय लोगों द्वारा मंत्री से किया गया।
इस अवसर पर विधान पार्षद नूतन कुमारी, भाजपा जिला अध्यक्ष रामसागर सिंह, राजेश्वर सिंह, श्याम किशोर सिंह, धीरज कुमार, विश्वजीत पासवान, गीता यादव एवं अन्य उपस्थित थे।