बिहार के 93 फीसदी मंत्री करोड़पति, 50 फीसदी पर दर्ज हैं गंभीर आपराधिक मामले



--अभिजीत पाण्डेय,
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

बिहार के 93 फीसदी मंत्री करोड़पति हैं। वहीं 64 फीसदी मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज है।

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और बिहार इलेक्शन वॉच ने बुधवार को राज्य मंत्रिपरिषद के 31 सदस्यों में 28 मंत्रियों के शपथपत्र के विश्लेषण के जारी रिपोर्ट में मंत्रियों के औसत आय की जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार 28 मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.46 करोड़ रुपये है। बिहार के आमलोगों की वार्षिक औसत आय 50 हजार 735 रुपये है। सबसे अधिक संपत्ति मंत्री संजय कुमार झा ने घोषित की है। उन्होंने 22.37 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। जबकि सबसे कम संपत्ति मंत्री जमा खान की है, जिन्होंने 30.04 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है। वहीं, 20 मंत्रियों ने देनदारी घोषित की है, जिनमें मंत्री मुकेश सहनी के 1.54 करोड़ रुपये की सर्वाधिक देनदारी घोषित की है।

इस रिपोर्ट में मंत्री रामसूरत कुमार के शपथ पत्र स्पष्ट नहीं होने और अशोक चौधरी व जनक राम के विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं होने के कारण उन्हें विश्लेषण में शामिल नहीं किया गया है। ये जानकारियां विधानसभा चुनाव व विधान परिषद चुनाव से पहले दिए गए शपथ पत्रों पर आधारित है।

रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 64 फीसदी मंत्रियों (18) पर आपराधिक मामले दर्ज हैँ जबकि 50 फीसदी (14) मंत्रियों पर गंभीर अपराध के मामले दर्ज हैं। जदयू के 27 फीसदी, भाजपा के 57 फीसदी, हम के सौ फीसदी, विकास इंसान पार्टी के सौ फीसदी व निर्दलीय सौ फीसदी मंत्रियों के खिलाफ गंभीर अपराध के मामले दर्ज है।

राज्य के 57 फीसदी मंत्रियों ने स्नातक या उससे अधिक की शिक्षा ग्रहण की है जबकि 39 फीसदी मंत्री 8वीं से 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त है। मंत्री शाहनवाज हुसैन ने अपनी शिक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स में राष्ट्रीय व्यापार प्रमाण पत्र में डिप्लोमा घोषित की है। वहीं, 28 में तीन महिला मंत्री है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News