सुशील मोदी ने बिहार भाजपा के इतिहास में सोमवार को बनाया रिकॉर्ड



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी को राज्यसभा चुनाव में सोमवार को विधिवत निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। इसके साथ बिहार भाजपा के इतिहास में सुशील मोदी ने चारों सदन का सदस्य बनकर रिकॉर्ड भी कायम कर लिया। विधानसभा, लोकसभा और फिर विधान परिषद के बाद अब राज्यसभा सदस्य बने पूर्व डिप्‍टी सीएम सुशील मोदी बिहार के ऐसे तीसरे नेता बन गए, जो चारों सदनों के सदस्य रहे हैं।

सोमवार को तीन बजे सुशील मोदी निर्विरोध राज्यसभा उप चुनाव के विजेता घोषित कर दिए गए हैं। पटना के प्रमंडलीय आयुक्त व राज्यसभा चुनाव अधिकारी संजय अग्रवाल ने पूर्व उप मुख्यमंत्री को प्रमाण पत्र सौंपा।

बता दें कि इससे पहले बिहार भाजपा से कोई भी नेता अभी तक चारों सदन का सदस्य नहीं बने हैं। हां, राजद प्रमुख लालू यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि ही चारों सदन के सदस्य जरूर रह चुके हैं। सुशील मोदी बिहार भाजपा के पहले ऐसे नेता होंगे, जिन्हें चारों सदनों का सदस्य होने का सौभाग्य हासिल हो रहा।

बिहार के राजनीतिक जानकारों अनुसार लालू यादव 1977 में लोकसभा गए। वर्ष 1980 में विधानसभा, 1990 में विधान परिषद और 2002 में राज्यसभा गए थे। वहीं, पूर्व मंत्री नागमणि 1977 में विधानसभा सदस्य चुने गए थे। 1995 में राज्यसभा और 1999 में लोकसभा और 2006 में विधान परिषद सदस्य बने थे।

सुशील मोदी 1990 में पहली बार पटना सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के लिए चुने गए थे। फिर 2000 में इसी क्षेत्र से जीते जो अब कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र है। विधायक रहते हुए वर्ष 2004 में भागलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुने गए। 2005 में बिहार में भाजपा विधान मंडल दल का नेता चुने जाने के बाद लोकसभा सदस्य पद से इस्तीफा दिया और बिहार विधान परिषद बने। दूसरी बार 2012 और तीसरी बार जुलाई 2018 में बिहार विधान परिषद का सदस्य निर्वाचित हुए थे। अभी करीब चार वर्ष का कार्यकाल बचा है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News