--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में उतर रहे 1461 प्रत्याशियों में से 34 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के आंकड़ों के मुताबिक दूसरे चरण में 495 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
आपराधिक मुकदमे वाले उम्मीदवारों के मामले में पहले नंबर वाला राजद अमीरों की लिस्ट में भी पहले नंबर पर है। राजद के कुल 56 उम्मीदवारों में 46 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी संपत्ति एक करोड़ से अधिक है जो कि राजद के कुल उम्मीदवारों का 82 प्रतिशत है। प्रतिशत के मामले में तो भाजपा अधिक है लेकिन करोड़पति उम्मीदवारों के मामले में दूसरे नंबर पर है। भाजपा के 46 में से 39 उम्मीदवार (85%) करोड़पति हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर लोजपा है जिसके 52 में से 38 उम्मीदवार (73%) करोड़पति हैं। जेडीयू के 43 में 35 उम्मीदवार (81%) करोड़ से ऊपर की सम्पत्ति वाले हैं। कांग्रेस के 24 में से 20 (83%) उम्मीदवार करोड़पति हैं। बसपा के 33 में से 11 उम्मीदवार यानि 33 उम्मीदवार यानि 33 फीसदी करोड़पति हैं।
एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में उम्मीदवारों का लेखा-जोखा भी दिया है। इसके मुताबिक 1461 में से 602 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच हैं। 720 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनकी शैक्षणिक योग्यता स्नातक या अधिक है जबकि 13 के पास डिप्लोमा डिग्री है। 122 उम्मीदवार केवल साक्षर हैं जबकि 5 उम्मीदवार ऐसे हैं जो कि निरक्षर हैं।