नरेश बंसल ने किया राज्यसभा के लिए नामांकन, आठ साल की उम्र में बन गये थे आरएसएस के स्वयंसेवक



--प्रदीप फुटेला,
देहरादून-उत्तराखंड,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।

● गदरपुर में यू को बैंक में रहे हैं कर्मचारी

● संघ के साथी अमीर चन्द गुम्बर के घर मे रहे थे किराये पर

● अब भी नही भूले अपने सखा को, जब भी गदरपुर आये सबसे पहले उन्ही को किया याद

नरेश बंसल द्वारा आज उत्तराखण्ड से राज्यसभा के लिए विधानसभा में नामांकन दाखिल किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डाॅ• धन सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।

बता दें कि देहरादून में जन्में नरेश बंसल मात्र आठ साल की उम्र में आरएसएस के स्वयंसेवक बन गये थे। उनकी प्राइमरी से लेकर इंटरमीडिएट की शिक्षा देहरादून में ही हुई। उन्होंने डीएवी कालेज देहरादून से एमकाॅम किया है। 14 वर्ष की आयु में उन्होंने संघ का प्राथमिक शिक्षा वर्ग किया। बाद में संघ के तृतीय वर्ष का शिक्षण नागपुर में लिया। कुशल नेतृत्व व बेहतर सांगठनिक कौशल के कारण पार्टी में उनकी छवि हरफनमौला की मानी जाती है। फरवरी 1977 में सिंचाई विभाग में संघ से संपर्क के कारण उनकी सेवा समाप्त करने का नोटिस दिया गया था। जुलाई 1977 में उन्होंने स्वयं ही नौकरी छोड़ दी। बाद में उनकी नियुक्ति यूको बैंक में हुई।

श्री बंसल ने प्रतिबंधित रामनवमी की शोभायात्रा के लिए बेहद संघर्ष किया। वर्ष 1989 में श्रीराम शिला पूजन समिति के नगर संयोजक का दायित्व संभाला। श्रीराम जन्म भूमि आंदोलन के समय गठित उत्तराखंड संवाद समिति के कोषाध्यक्ष रहे। 1972 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला संयोजक तथा 1980 से 1986 तक हिंदू जागरण मंच के नगर अध्यक्ष रहे। नरेश बंसल 4 नवंबर 2002 से 2009 तक पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में प्रदेश संगठन महामंत्री रहे। 2009 से 2012 तक तत्कालीन उत्तराखंड सरकार में अध्यक्ष आवास एवं विकास परिषद का पद संभाला। 2009 से 2012 तक भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के स्थाई आमंत्रित सदस्य रहे। 2012 में विधानसभा चुनाव में प्रदेश चुनाव अभियान समिति के सचिव की जिम्मेदारी संभाली। 2004, 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल रहे। 2012 से 2019 तक प्रदेश महामंत्री रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाल चुके हैं।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News