नई दिल्ली, 21 फरवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कश्मीर के पुलवामा आंतकी हमले के बाद श्रीनगर में अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला किया है। गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार अब बीएसएफ, असम राइफल्स, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, एनएसजी और आईटीबीपी के जवानों को कश्मीर घाटी में तैनाती के लिए हवाई मार्ग से ही श्रीनगर ले जाने का काम किया जाएगा।
सैनिकों की सुरक्षा के मद्देनजर अब सभी अर्धसैनिक बलों के जवान विमान से ही श्रीनगर जाएंगे। इस फैसले के बाद अब हर जवान और हर अफसर को हवाई जहाज से ही जम्मू से श्रीनगर भेजने का काम मोदी सरकार करेगी। सभी अर्धसैनिक बलों के लिए जारी किया गया यह आदेश गुरुवार 21 फरवरी से प्रभावी हो चुका है।
● जम्मू-कश्मीर में फिर पुलवामा जैसे बड़े आतंकी हमले की फिराक में जैश-ए-मोहम्मद : सूत्र
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले जैसे एक और बड़े हमले की फिराक में हैं। यह बात सूत्रों के मुताबिक खुफिया एजेंसियों के अलर्ट में सामने आई है। खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा बलों को अलर्ट जारी करके कहा है कि पुलवामा आतंकी हमले को अंजाम देने वाला आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद एक बार फिर राज्य में बड़े हमले की फिराक में है। यह हमला चौकीबल और तंगधार के बीच में होने की आशंका जताई गई है। आतंकी फिर से कार के जरिये सुरक्षा बलों के काफिले को निशाना बना सकते हैं।
खुफिया एजेंसियों के अलर्ट के मुताबिक जैश के आतंकी अगले दो दिनों में चौकीबल और तंगधार के आसपास के मार्गों में सुरक्षा बलों के काफिलों को निशाना बना सकते हैं। साथ ही इस बार हमले में हरे रंग की स्कॉर्पियो कार के इस्तेमाल किए जाने की भी खुफिया जानकारी मिली है। एजेंसी के अनुसार आतंकियों की ओर से कार को फिदायीन हमले के लिए तैयार भी कर लिया गया है।
खुफिया एजेंसियों ने सुरक्षा बलों को फिर सतर्क किया है कि एक संदेश डिकोड किया गया है। उससे पता चला है कि पुलवामा हमले की तरह एक और हमले की योजना जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी बना रहे हैं। इस इनपुट की जानकारी सभी सुरक्षा बलों को दी गई है।