नई दिल्ली, 29 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
वाजपेयी सरकार में रक्षा मंत्री रहे जॉर्ज फर्नांडिस का मंगलवार को निधन हो गया। 88 वर्षीय जॉर्ज फर्नांडिस लंबे समय से बीमार चल रहे थे। अस्वस्थ होने के कारण वे कई सालों से सार्वजनिक जीवन से बाहर थे। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में जॉर्ज फर्नांडिस 1998 से 2004 के बीच देश के रक्षा मंत्री रहे। 2004 में ताबूत घोटाला सामने आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। बाद में दो अलग-अलग कमिशन ऑफ इन्क्वायरी में उन्हें दोषमुक्त करार दिया गया था। राज्यसभा सांसद के तौर पर संसद में उनका आखिरी कार्यकाल अगस्त 2009 से जुलाई 2010 तक रहा।
जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा है कि जॉर्ज साहब ने भारत के राजनीतिक नेतृत्व का सर्वश्रेष्ठ प्रतिनिधित्व किया। स्पष्टवादी, निडर और दूरदर्शी होने के साथ उन्होंने हमारे देश के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान दिया।