राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह को संबोधित किया



नई दिल्ली, 25 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज नई दिल्ली में 9वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में अपनी गरिमामयी मौजूदगी के बीच इसे संबोधित भी किया।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पूरे विश्‍व के सामने एक मिसाल है। हम सबसे बड़े और सबसे विविधतापूर्ण लोकतंत्र हैं। वैसे तो हमारी चुनाव प्रक्रिया में सभी हितधारकों का योगदान सराहनीय है, लेकिन दो हितधारक सर्वाधिक महत्‍वपूर्ण हैं। ये दो हितधारक ‘मतदाता’ और ‘निर्वाचन आयोग’ हैं। अपनी-अपनी भूमिकाओं में वे एक-दूसरे के पूरक हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के विशाल आकार और हमारे देश में चुनाव से संबंधित लॉजिस्टिक्‍स को देखते हुए आधुनिक प्रौद्योगिकी को अपनाना अत्‍यंत आवश्‍यक है। पूरे विश्‍व में भारत के लोकतंत्र और निर्वाचन प्रणाली का विशेष सम्मान है। कई देशों के चुनाव संस्थानों ने हमारी निर्वाचन प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन किया है। भारत निर्वाचन आयोग ने कई देशों के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया है और इस तरह वहां क्षमता निर्माण में काफी मदद की है। यह इसके प्रति सम्मान का एक सटीक प्रतिबिंब है।

राष्ट्रपति ने य‍ह बात नोट की कि इस वर्ष मतदाता दिवस की थीम है, "कोई भी मतदाता न छूटे। उन्होंने कहा कि इसके पीछे सिद्धांत दरअसल राजनीतिक अधिकारों और सार्वभौमिक मताधिकार की समानता को बनाए रखने का सिद्धांत है। लोकतंत्र में आम चुनाव एक पवित्र अनुष्ठान जैसा होता है। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से इस अनुष्ठान का हिस्सा बनने और वर्ष 2019 में होने वाले आम चुनाव में भाग लेने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोट अन्‍य मतदाताओं को प्रोत्साहित करेगा और प्रत्येक वोट हमारे लोकतंत्र को मजबूत करेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News