नई दिल्ली, 03 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारतीय पैनोरमा फिल्म उत्सव का आयोजन 4 से 13 जनवरी 2019 तक किया जाएगा। 10 दिन चलने वाले इस उत्सव को नई दिल्ली के सिरीफोर्ट ऑडिटोरियम-II में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का फिल्म उत्सव निदेशालय आयोजित कर रहा है।
फिल्म उत्सव का उद्घाटन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे 4 जनवरी 2019 को सायं साढ़े 5 बजे करेंगे। उत्सव की शुरूआत में फीचर फिल्म ‘ओलू’ और गैर-फीचर फिल्म ‘खरवास’ दिखाई जाएगी। इस अवसर पर दोनों फिल्मों के निर्देशक शाजी एन• करुण और आदित्य सुहास जंभाले उपस्थित रहेंगे।
उत्सव में लिजो जोस पेल्लीसेरी द्वारा निर्देशित फिल्म ‘ई मा योवे’ भी दिखाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2018 में श्री पेल्लीसेरी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार प्रदान किया गया था।
49वें भारत अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भारतीय पैनोरमा वर्ग में चुनी जाने वाली सभी फिल्मों को इस उत्सव के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा। कुल 26 फीचर फिल्में और 21 गैर-फीचर फिल्में इस दौरान दिखायी जाएंगी।
सभी फिल्मों में अंग्रेजी में उप-शीर्षक मौजूद रहेंगे। उत्सव में प्रवेश निशुल्क है। बैठने की व्यवस्था पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगी।