नितिन गडकरी ने अरुणाचल प्रदेश में 9533 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास किया



नई दिल्ली/अरुणाचल प्रदेश, 20 दिसम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

सड़क यातायात एवं राजमार्ग, नौवहन और जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने अरुणाचल प्रदेश के रोइंग और जीरो में अलग-अलग आयोजनों के दौरान 9533 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन/शिलान्यास किया। इस अवसर पर इनके साथ अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू मौजूद थे।

इस अवसर पर नितिन गडकरी ने कहा कि इन अवसंरचना परियोजनओं से विकास, रोजगार सृजन, पर्यटन और युवाओं के रोजगार के जरिए देश के पूर्वोत्तर भू-भाग की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने भू-अधिग्रहण, वन और पर्यावरण संबंधी क्लियरेंस जैसी बाधाओं के बावजूद परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए एजेंसियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से विभिन्न स्थानों के बीच 24 घंटे संपर्क सुनिश्चित होगा और असम तथा अरुणाचल के बीच यात्रा समय बचेगा। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में सड़क नेटवर्क को 2014 के बाद 1804 किलोमीटर से बढ़ाकर 2885 किलोमीटर कर दिया गया है। राज्य में राजमार्गों के निर्माण के लिए 28,000 करोड़ रुपये की रकम खर्च की गई है।

रोइंग में श्री गडकरी ने दिबांग और लोहित नदी प्रणाली पर पुलों का उद्घाटन किया। इसमें चौखाम-डिगारू के बीच सड़क भी शामिल है। इस परियोजना की कुल लंबाई 30.95 किलोमीटर और लागत 1508.30 करोड़ रुपये है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग- 52बी के 25.14 किलोमीटर महादेवपुर – बुड़ी दिहिंग सेक्शन का उद्घाटन भी किया।

जीरो में श्री गडकरी ने 472 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग का शिलान्यास किया, जिसकी लागत 5583.92 करोड़ रुपये है। इसमें 374.73 करोड़ रुपये की लागत से 26.12 किलोमीटर लंबी आकाजान-लीकाबाली-बामे सड़क तथा 1253.19 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग 713 पर कुल 94.39 किलोमीटर लंबी जोराम-कोलोरलांग सड़क शामिल है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News