प्रधानमंत्री ने शहर में गैस-वितरण के नौवें दौर का कार्य शुरू करने के लिए आधारशिला रखी



नई दिल्ली, 22 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शहर में गैस-वितरण (सीजीडी) के नौवें दौर का कार्य शुरू करने के लिए आधारशिला रखी। उन्होंने सीजीडी बोली के 10वें दौर की भी शुरूआत की।

उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शहर गैस वितरण नेटवर्क की स्थापना का काम सीजीडी बोली के नौवें दौर के तहत 129 जिलों में शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीजीडी बोली के दसवें दौर के बाद शहर गैस वितरण नेटवर्क के तहत 400 से अधिक जिले आ जाएंगे। इस तरह 70 प्रतिशत आबादी इसके दायरे में आ जाएगी।

इस बात पर जोर देते हुए कि देश गैस आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, प्रधानमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार गैस आधारित अर्थव्यवस्था के सभी पहलुओं की तरफ ध्यान दे रही है। श्री मोदी ने देश में गैस के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों, खासतौर से एलएनजी टर्मिनलों की संख्या बढ़ाने, राष्ट्रव्यापी गैस ग्रिड बनाने और सिटी गैस वितरण नेटवर्क तैयार करने की जानकारी दी।

स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बढ़ने के लिए गैस आधारित अर्थव्यवस्था की भूमिका की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सीजीडी नेटवर्क स्वच्छ ऊर्जा समाधान हासिल करने में प्रमुख भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में केन्द्र सरकार के प्रयास व्यापक आधार वाले हैं। इस संदर्भ में उन्होंने केन्द्र सरकार की स्वच्छ ऊर्जा संबंधी विभिन्न पहलों जैसे इथनॉल सम्मिश्रण, कम्प्रैस्ड, जैव गैस संयंत्र, एलपीजी का दायरा बढ़ाने और वाहनों के लिए बीएस-6 ईंधन शुरू करने का जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में 12 करोड़ से अधिक एलपीजी कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहरों में गैस नेटवर्कों ने एक नई पारिस्थितिकी प्रणाली तैयार की है, एक जिसने गैस आधारित उद्योगों को सक्षम बनाया है, युवाओं के लिए रोजगार सृजित किया है और नागरिकों का जीवन आसान बनाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार स्वच्छ ऊर्जा और गैस आधारित अर्थव्यवस्था के लक्ष्यों को पूरा करने का प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लक्ष्यों को न सिर्फ अपने लिए पूरा किए जाने की आवश्यकता है बल्कि संपूर्ण मानवता और भावी पीढ़ी के लिए यह जरूरी है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News