नई दिल्ली, 22 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने गुरूनानक जयंती की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी है।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, ‘गुरूनानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं को याद करते हुए मैं सिक्ख समुदाय सहित सभी नागरिकों को इस पवित्र अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
गुरूनानक देव जी का जीवन हमें प्रेम और सद्भाव की शिक्षा देता है। उन्होंने हमें ‘एक ओंकार सतनाम’ का मंत्र दिया, जिसका अर्थ है – ईश्वर केवल एक है।
प्रेम, शांति और सद्भावना के मूल्यों पर बल देते हुए गुरूनानक देव जी ने मानवता के प्रति सेवा को ईश्वर के प्रति सेवा के समान मानते थे। उनके संदेश का सार है – ‘वंद चाको – दूसरों के साथ साझा करना’, ‘कीरत करो – ईमानदारी से जीवन यापन’ और ‘नाम जपो- ईश्वर को हमेशा याद करना’।
आईये, हम गुरूनानक देव जी द्वारा दिखाये गये मार्ग को अनुसरण करने का संकल्प लें और समाज के कल्याण के लिए कार्य करें।