नई दिल्ली, 12 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारत सरकार ने गहरे दुख के साथ केन्द्रीय रसायन और उर्वरक तथा संसदीय मामलों के मंत्री अनंत कुमार की आज बेंगलूरु में निधन की घोषणा की है।
केन्द्र सरकार ने दिवंगत नेता के सम्मान में दिल्ली तथा सभी राज्यों और संघ शासित प्रदेशों की राजधानियों में आज राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रखने का फैसला किया है। अनंत कुमार का अंतिम संस्कार किये जाने के स्थल पर भी कल ध्वज आधा झुका रहेगा। दिवंगत नेता का अंतिम संस्कार पूरे राष्ट्रीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
● उपराष्ट्रपति ने अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया
उपराष्ट्रपति एम• वेंकैया नायडू ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि श्री कुमार छात्र आंदोलन के समय से लेकर संसद तक अनेक वर्षों तक उनके महत्वपूर्ण सहकर्मी रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार एक ख्यातिप्राप्त लेखक, प्रतिभावान कवि और मंत्रमुग्ध करने वाले वक्ता थे। उनका व्यक्तित्व सचमुच सर्वगुणी और बहुमुखी था।
उपराष्ट्रपति का संदेश – “संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के असामयिक निधन के बारे में जानकर मुझे सदमा लगा है और मैं काफी दुःखी हुआ हूं।
श्री कुमार छात्र आंदोलन से लेकर संसद तक की जीवन यात्रा के दौरान महत्वपूर्ण सहकर्मी रहे वे एक समर्पित राष्ट्रवादी, विख्यात और प्रिय नेता तथा एक विशिष्ट राजनेता थे।
एक ख्यातिप्राप्त लेखक, प्रतिभावान कवि और मंत्रमुग्ध करने वाले वक्ता के रूप में उनका व्यक्तित्व सचमुच सर्वगुणी और बहुमुखी था। उत्कृष्ट कार्यकाल और सार्वजनिक जीवन में उनके कार्यों की लंबी सूची हमारे देश के लिए उनकी निःस्वार्थ सेवा के प्रमाण हैं।
उनके निधन से भारतीय लोकतंत्र और राज्यव्यवस्था को अपूरणीय क्षति हुई है। मेरी प्रार्थना है कि परमात्मा उनके परिजनों, दोस्तों और प्रियजनों को इस अत्यंत कठिन समय से उबरने की शक्ति और साहस प्रदान करें।
अनंत कुमार को हमेशा याद किया जाएगा और उनकी स्मृतियों को हमेशा के लिए संजोकर रखा जाएगा। उनका जीवन चिरकालिक ज्योति के समान आने वाले लंबे समय तक देश सेवा करने वाले लोगों का मार्गदर्शन करता रहेगा।
उनकी आत्मा को शांति मिले।
ॐ शांति।”
● प्रधानमंत्री ने अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा, “अपने महत्वपूर्ण सहयोगी और मित्र अनंत कुमार जी के निधन से अत्यंत दुःखी हूं। वे एक ऐसे महत्वपूर्ण नेता थे, जिन्होंने कम उम्र में सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया और कर्मठता तथा दयाभाव के साथ समाज की सेवा करते रहे। उनके अच्छे कार्य के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा।
मैंने उनकी धर्मपत्नी डॉ• तेजस्विनी जी से बात की और अनंत कुमार जी के निधन पर संवेदना व्यक्त की। इस दुखद घड़ी में उनके पूरे परिवार, दोस्तों और समर्थकों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। ॐ शांति।”