नई दिल्ली, 30 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
● स्वच्छ भारत ग्रीष्म प्रशिक्षण कार्यक्रम 01 मई 2018 से शुरू होगा
प्रधानमंत्री ने 02 अक्टूबर, 2014 को प्रत्येक व्यक्ति से एक वर्ष में स्वच्छता के लिए 100 घंटे समर्पित करने का आह्वान किया था। इसे ध्यान में रखते हुए युवा मामले तथा खेल मंत्रालय व मानव संसाधन विकास मंत्रालय के सहयोग से पेयजल व स्वच्छता मंत्रालय ने स्वच्छ भारत ग्रीष्म प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत की है। प्रशिक्षण अवधि 01 मई, 2018 से 31 जुलाई, 2018 तक निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का लक्ष्य पूरे देश के लाखों युवाओं को एक आंदोलन के रूप में स्वच्छ भारत मिशन के लिए योगदान देने हेतु प्रोत्साहित करना है। प्रधानमंत्री ने कल प्रसारित हुए मन की बात कार्यक्रम में युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ उठाने तथा स्वच्छता आंदोलन को आगे ले जाने का आग्रह किया था।
छात्र www.sbsi.mygov.in पोर्टल के माध्यम से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ जुड़ सकते हैं। कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के छात्रों के अलावा एनवाईकेएस के युवा भी प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पंजीकरण पंजीकृत हो सकते हैं। कॉलेज स्तर पर नोडल अधिकारी प्रशिक्षण को लागू करने के लिए समन्वय का कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक प्रशिक्षु को एक स्वच्छ भारत प्रमाण पत्र दिया जाएगा जो गांव में कम से कम 100 घंटों के स्वच्छता से संबंधित कार्य पूरा करने में सफल रहता है। वैसे युवा जो प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा करने के अतिरिक्त विशिष्ट परिणाम में भी सहयोग करते हैं उन्हें यूजीसी द्वारा मंजूर किए गए पठन-पाठन को दो क्रेडिट प्वाइंट दिए जाएंगे। इसके अलावे बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को कॉलेज विश्वविद्यालय/जिला,राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार दिया जाएगा।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने कॉलेज तथा विश्वविद्यालय स्तर पर संबंधित निर्देश जारी किया है। राज्यों को कहा गया है कि वे छात्रों को गांव में जाने के लिए सुविधा प्रदान करें ताकि वे श्रमदान और जागरूकता अभियान जैसे स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा ले सकें। प्रशिक्षण के लिए 01 मई, 2018 से 31 जुलाई, 2018 के दौरान कम से कम 100 घंटों की अवधि तय की गयी है। पंजीकरण के लिए अंतिम तिथि 15 मई है।