18 अप्रैल 2018 विशेष



नई दिल्ली, 17 अप्रैल 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

(●) 18 अप्रैल 2018 को विश्‍व विरासत दिवस राष्‍ट्रीय रेल संग्रहालय, नई दिल्‍ली में मनाया जायेगा

• 18 अप्रैल 2018 को संग्रहालय में बच्‍चों, छात्रों और वरिष्‍ठ नागरिकों को निशुल्‍क प्रवेश दिया जायेगा

समुदायों में विरासत के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए दुनियाभर में प्रतिवर्ष 18 अप्रैल को विश्व विरासत दिवस मनाया जाता है। पीढ़ियों के बीच ज्ञान के हस्तांतरण पर जोर देने के लिए इस वर्ष का विषय ‘पीढ़ियों के लिए विरासत’ है।

विश्व विरासत दिवस मनाने के लिए राष्ट्रीय रेल संग्रहालय, नई दिल्ली ने विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है। इसमें बातचीत को बढ़ावा देने और पीढ़ियों के बीच संवाद पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके लिए 18 अप्रैल 2018 को संग्रहालय में बच्चों, छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जायेगा। निवेश इंडिया द्वारा सुबह 11:30 से दोपहर 2:00 बजे तक इंडोर गैलरी में कहानी सुनाने के तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। रेलवे बोर्ड के सेवानिवृत्त सदस्य यशपाल गुप्ता देश के पुराने मॉरिस फायर इंजन के दोबारा शुरू होने के संस्मरण साझा करेंगे। यह इंजन दिल्ली की विंटेज कार रैली का प्रमुख आकर्षण है। संग्रहालय के सभागार में दोपहर 12:00, 2:00 और 4:00 बजे रेल विरासत पर तीन फिल्में भी प्रदर्शित की जाएगी। बच्चों के लिए रेलवे क्विज, भ्रमण जैसे अन्य कार्यक्रम भी होंगे।

यूनेस्को के विश्व विरासत स्थलों की सूची में भारतीय रेल के चार स्थल अर्थात दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे, नीलगिरि माउंटेन रेलवे, कालका शिमला रेलवे और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), मुंबई शामिल हैं। ये विश्व विरासत स्थल पीढ़ियों के बीच लाभदायक चर्चा के लिए विभिन्न कार्यक्रम कर 18 अप्रैल, 2018 को विश्व विरासत दिवस मनाएंगे।

01 फरवरी, 1977 को शुरू किया गया राष्ट्रीय रेल संग्रहालय, चाणक्यपुरी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र का प्रमुख सांस्कृतिक स्थल है। संग्रहालय में इतिहास और विरासत का सुरूचिपूर्ण संग्रह है। इनमें 100 से भी अधिक वास्तविक आकार की प्रदर्शित सामग्री है, जो बीते जमाने के भव्यता दर्शाती है। संग्रहालय की मई, 2018 के पहले सप्ताह से सप्ताहांत (शुक्रवार से रविवार) के दौरान रात 9:00 बजे तक इसे खुला रखने की योजना है। देश में रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के उपाय किए जा रहे हैं।


(•) सुषमा स्वराज और प्रकाश जावड़ेकर मानव संसाधान विकास मंत्रालय के पोर्टल ‘स्टडी इन इंडिया’ का शुभारंभ करेंगे

एक महत्वपूर्ण पहल के तहत केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर की उपस्थिति में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज 18 अप्रैल, 2018 को इंडिया हेबिटेट सेन्टर में मानव संसाधन विकास मंत्रालय के पोर्टल ‘स्टडी इन इंडिया’ (www.studyinindia.gov.in) का शुभारंभ करेंगी। इस अवसर पर मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

यह पोर्टल दक्षिण एशिया, अफ्रीका, सीआईएस और मध्य-पूर्व के 30 देशों के छात्रों को 150 विभिन्न भारतीय संस्थानों में नामांकन के लिए आवेदन की सुविधा प्रदान करेगा। इन भारतीय संस्थानों को एनएएसी और एनआईआरएफ सूचकांकों में उच्च स्थान प्राप्त हुआ है। ‘स्टडी इन इंडिया’ पोर्टल का लक्ष्य विदेशी छात्रों की शिक्षा के लिए भारत को प्राथमिक गंतव्य के रूप में विकसित करना है।

इस समारोह के तहत ‘स्टडी इन इंडिया’ पर आधारित एक फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा तथा विदेशी छात्र एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत करेंगे। इस उद्घाटन समारोह के लिए 80 देशों के राजनयिकों व प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।


(●) राष्ट्रपति 18 और 19 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 18 और 19 अप्रैल, 2018 को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। राष्ट्रपति 18 अप्रैल, 2018 को कटरा में श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के छठें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगे। उसी दिन शाम को वे जम्मू में अमर महल में एक नागरिक स्वागत समारोह में शामिल होंगे।

दिल्ली वापस लौटने से पहले राष्ट्रपति 19 अप्रैल, 2018 को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर जाएंगे।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News