नई दिल्ली, 07 मार्च 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
(●) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नीति आयोग महिला उद्यमिता प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करेगा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नीति आयोग 08 मार्च, 2018 को महिला उद्यमिता प्लेटफॉर्म (डब्ल्यूईपी) का शुभारंभ करेगा। नीति आयोग, नीति निर्माण और परामर्श प्रदान करने के क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी संस्था है। इस अवसर पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार, सीईओ अमिताभ कांत, भारत में यूएन के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर यूरी अफनासियेव, कैलाश खेर तथा उद्योग जगत और डब्ल्यूईपी की सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
महिला उद्यमिता प्लेटफॉर्म (डब्ल्यूईपी), उद्यमिता का एक ऐसा इको सिस्टम प्रदान करेगा, जहां महिलाओं को लिंग आधारित भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ेगा। यह प्लेटफॉर्म महिला उद्यमियों की संख्या में वृद्धि करना चाहता है जिससे नए भारत का निर्माण हो सके। डब्ल्यूईपी महिलाओं को अवसर प्रदान करेगा, जिसके तहत वे अपनी उद्यमिता आधारित इच्छाओं को पूरा कर सकेंगी, नवोन्मेष से जुड़ी गतिविधियों को पूरा कर पाएंगी तथा अपने व्यापार के लिए सतत पोषणीय और लम्बी अवधि की रणनीतियों को तैयार कर सकेंगी। डब्ल्यूईपी का उद्देश्य है-
1. सहयोगी संस्थाओं की सहायता से महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देना।
2. महिला उद्यमियों के व्यापार को उद्योग जगत से जोड़ना। वर्तमान में लागू सरकारी व गैर-सरकारी योजनाओं, कार्यक्रमों व सेवाओं में बढ़ोतरी करना।
3. व्यापार से जुड़ी समस्याओं की पहचान करना तथा उन्हें दूर करने का प्रयास करना।
4. महिला उद्यमियों के पंजीकरण के लिए एक केन्द्रीकृत पोर्टल का निर्माण करना और राष्ट्रीय स्तर पर आंकड़ों को इकट्ठा करना।
5. बेहतर उद्यमिता इको सिस्टम के लिए साक्ष्य आधारित नीतियों की अनुशंसा करना।
इस अवसर पर ‘वूमन ट्रांसफोर्मिंग इंडिया’ पुरस्कार 2018 के तीसरे संस्करण के लिए नाम आमंत्रित किए जाएगे। इस वर्ष के अभियान की थीम है ‘महिला और उद्यमिता’। इसे संयुक्त राष्ट्र के सहयोग से लांच किया जाएगा। डीआईसीई सामाजिक उद्यमियों को एक नए तरीके से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता है। डीआईसीईवी भी इस कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करेगा। इस वर्ष के विजेताओं को ईनाम दिए जाएंगे तथा परामर्शदाता की सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
(●) नारी शक्ति पुरस्कारों का पूर्वावलोकन
• नारी शक्ति पुरस्कार 2017 कल राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए जाएंगे
• इन पुरस्कारों के लिए 30 व्यक्तिगत और 09 संस्थागत पुरस्कार विजेता चयनित
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कल अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में नारी शक्ति पुरस्कार 2017 प्रदान करेंगे। भारत सरकार महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में योगदान करने के लिए प्रख्यात महिलाओं और संस्थानों को नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित करती है। इस वर्ष इनके लिए 30 व्यक्तिगत तथा 09 संस्थागत पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया है। महिला और बाल विकास मंत्रालय प्रख्यात महिलाओं, संगठनों और संस्थानों के लिए इन राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों की घोषणा करता है। चयन समिति संगठनों और व्यक्तियों की उपलब्धियों पर विचार-विमर्श कर पुरस्कारों के लिए विजेताओं को नामित और उनकी सिफारिश करती है। पुरस्कार प्राप्त करने वालों का चयन करने में संबंधित क्षेत्रों में उनके असाधारण योगदान पर प्राथमिकता से विचार किया जाता है। पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित करने के लिए भारत सरकार का महिला और बाल विकास मंत्रालय देशभर के समाचार पत्रों में विज्ञापन छपवाता है तथा सोशल मीडिया के जरिए इस बारे में जानकारी दी जाती है।
मंत्रालय सभी राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासनों, केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों को भी इसकी सूचना देता है। इन पुरस्कारों के लिए कोई भी संस्थान, संगठन और व्यक्ति आवेदन भेज सकते हैं। पुरस्कार की पात्रता के लिए आवेदनकर्ता की सिफारिश केंद्र सरकारों, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासनों, केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, गैर सरकारी संगठनों, विश्वविद्यालयों/संस्थानों, महिला सशक्तिकरण के लिए कार्यरत निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वारा किया जाना आवश्यक है। मंत्रालय में महिलाएं स्वयं या आम जनता में से किसी के द्वारा भी नामित की जा सकती है। इन पुरस्कारों की शुरूआत 1999 में हुई थी।