---हरिओम पाण्डेय, बैढ़न-मध्यप्रदेश, 19 फरवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
◆ पीआईबी ने पत्रकारों के साथ किया ‘वार्तालाप‘ कार्यशाला का आयोजन
सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने हेतु मीडिया सशक्त माध्यम होता है। उक्त बातें रविवार 18 फरवरी को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित की गई मीडिया कार्यशाला ‘वार्तालाप‘ में बतौर मुख्य अतिथि नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की निदेशक (कार्मिक) सुश्री शांतिलता साहू ने रखे।
पीआईबी ने कार्यशाला का आयोजन एनसीएल एवं सिंगरौली जिला प्रशासन के सहयोग से एनसीएल के दुधीचुआ क्षेत्र के सूर्य किरण भवन में किया। कार्यशाला में पीआईबी भोपाल की अपर महानिदेशक डॉ0 वसुधा गुप्ता, दुधीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक एम0 के0 प्रसाद, सदस्य, संभाग-स्तरीय अधिमान्यता समिति एवं दैनिक भास्कर सिंगरौली संस्करण के संपादक गोपाल अवस्थी और एनसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सीरज कुमार सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।
कार्यशाला को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए सुश्री शांतिलता साहू ने कहा कि आज मीडिया द्वारा सरकारी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न जनोपयोगी विषयों पर पर्याप्त जानकारी जनता को दी जा रही है, जिससे लोगों में इन कार्यों के बारे में जागरूकता बढ़ी है। साथ ही, इन कार्यों से लाभ उठाने के चलते आम लोगों के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव आए हैं। सरकारी संस्थाओं एवं मीडिया की सकारात्मक जुगलबंदी में आम जन का जीवन स्तर उठाने और उन्हें एक लोकतांत्रिक देश का जागरूक एवं सशक्त नागरिक बनाने में असीम सामर्थ्य है। साथ ही, उन्होंने उम्मीद जताई कि आज इस सेमिनार के माध्यम से शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े जिन पहलुओं पर प्रकाश डाला गया है, वे संबंधित पक्षों के लिए एक मार्गदर्शक विचार की भूमिका निभाएंगे तथा हम सब मिलकर समाज एवं राष्ट्र की नई दशा एवं दिशा तय करेंगे, ताकि समाज के अंतिम आदमी को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा सके।
पीआईबी, भोपाल की अपर महानिदेशक डॉ• वसुधा गुप्ता ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में ग्रामीण मीडिया की अहम भूमिका है। मीडिया की इस महत्वपूर्ण भूमिका के चलते जनता और शासन-प्रशासन की भी मीडिया से अपेक्षाएं हैं, जिन पर उन्हें खरा उतरना है। साथ ही, उन्होंने कार्यशाला में शामिल पत्रकारों को बेबाकी से अपनी बात रखने की अपील की और पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने सारगर्भित विचार पत्रकारों के समक्ष रखे।
दुधीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक एम• के• प्रसाद ने कहा कि सरकारी संस्थाओं और मीडिया दोनों के अपने कार्य निर्वहन के कर्तव्य हैं। मीडिया जनता की बात को शासन एवं उनकी संस्थाओं तक और शासन संबंधी तथ्यों को जनता तक पहुंचाने का काम करती है। सरकारी कार्यों का पूरा लाभ जनता तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी है कि सरकारी संस्थाएं और मीडिया दोनों अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा के साथ पालन करें।
सदस्य, संभाग-स्तरीय अधिमान्यता समिति एवं दैनिक भास्कर समाचार पत्र के सिंगरौली संस्करण के संपादक गोपाल अवस्थी ने कहा कि मीडिया द्वारा पूरी सटीकता से समाचार जनता तक पहुंचाने हेतु सरकारी संस्थाओं का सहयोग अपेक्षित है। सरकारी संस्थाओं से यह अपेक्षा की जाती है कि वे मीडिया को समय से सभी एवं सही तथ्यों से अवगत कराएं।
एनसीएल के जनसंपर्क अधिकारी सीरज कुमार सिंह ने सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में जनसंपर्क के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि मीडिया एवं सरकारी संस्थाओं का मूल उद्देश्य जन सेवा ही है। सरकारी संस्थाओं के जनसंपर्क विभाग मीडिया को अपने संस्थान के कार्यों को सही तथ्यों के साथ अवगत कराते हैं। जनसंपर्क विभाग और मीडिया वास्तव में एक-दूसरे के पूरक हैं।
कार्यशाला में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लगभग 50 मीडिया कर्मियों ने भाग लिया और पत्रकारों से जुड़े एवं कार्यों के संबंध में शासकीय कार्यालयों से उनकी अपेक्षाओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला में सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका पर व्यापक ढंग से चर्चा की गई।