सिंगरौली, मध्यप्रदेश, 13 जनवरी 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
(■) स्वास्थ्य एवं सुरक्षा (सेफ्टी) की अहमियत से रूबरू हुए 177 कर्मी परिवारों के 481 लोग
---हरिओम पाण्डेय। एनसीएल के अमलोरी क्षेत्र में शुक्रवार 12 जनवरी को क्षेत्र के कर्मियों एवं उनके परिजनों के लिए स्वास्थ्य-सह-सुरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया। कार्यक्रम में अमलोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक एस• के• गोमास्ता बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक एस• के• गोमास्ता ने कहा कि उत्पादन एवं उत्पादकता के बीच समन्वय बनाकर परिवार की उचित देखभाल करें। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्रीय कर्मियों एवं उनके परिजनों को नियमित रूप से स्वास्थ्य संबंधी जांच कराए जाने हेतु प्रेरित किया तथा सभी के कुशल स्वास्थ्य की कामना की।
संगोष्ठी में अमलोरी के 177 कर्मी परिवारों से 481 लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर अमलोरी क्षेत्र की मेडिकल टीम द्वारा उपस्थित लोगों के ब्लड, शुगर एवं ब्लड प्रेषर की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी गई। कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिये सुरक्षा (सेफ्टी) के प्रति जागरूक भी किया गया।
संगोष्ठी में परियोजना अधिकारी सतीश झा ने अपने उद्बोधन में सुरक्षा की महत्ता पर जोर दिया व श्रमिक की सुरक्षा में परिवार की भूमिका पर प्रकाश डाला। स्टाफ अधिकारी (कार्मिक) पी• के• दूबे ने सुरक्षा में चूक से होने वाली दुर्घटनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कर्मियों की सुरक्षा एवं तनाव रहित जीवन में परिवार की भूमिका पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहने की अपील भी की। संगोष्ठी में क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंधुर, भंवर सिंह, चिकित्सा अधिकारी डॉ• अमृत तिरू, श्रमिक संघ प्रतिनिधि बीएमएस के एन• पी• के• यादव तथा सीएमएस के हीरा लाल पटेल एवं बी• पी• पटेल उपस्थित थे।
गौरतलब है कि एनसीएल में 15 से 21 जनवरी तक वार्षिक खान सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। एनसीएल मुख्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण एवं सुरक्षा शपथ के साथ सोमवार प्रातः 10 बजे इसका शुभारंभ होगा, जिसमें कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पी• के• सिन्हा बतौर मुख्य अतिथि तथा निदेशक (कार्मिक) सुश्री शांतिलता साहू, निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पाण्डेय व निदेशक (वित्त) पी• एस• आर• के• शास्त्री बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे। सप्ताह के दौरान कंपनी के सभी क्षेत्रों, परियोजनाओं एवं इकाइयों में खान सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।