90 प्रतिशत तक टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने वाले राज्यों और जिलों को पुरस्कृत किया जाएगा



● जे• पी• नड्डा ने मिशन इन्द्र धनुष की प्रगति की समीक्षा की

● हमें अच्छी आदतों को दोहराने और अंतर को पाटने की आवश्यकता - जे• पी• नड्डा

06 दिसम्बर। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे• पी• नड्डा ने 24 राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों तथा मुख्य सचिवों के साथ मिलकर मिशन इंद्रधनुष की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में श्री नड्डा ने राज्य विशेष से जुड़े हुए मसलों पर प्रकाश डाला और अंर्तक्षेत्रीय तालमेल को बढ़ाने के लिए स्थाई समिति तथा कार्यबलों की नियमित बैठक की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए बेहतर तरीके से कार्य करने की जरूरत है ताकि मिशन इन्द्रधनुष के अक्टूबर और नवम्बर महीनों में जो अंतर आया है उसको पाटा जा सके। श्री नड्डा ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और मुख्य सचिवों को समय-समय पर मिशन इन्द्रधनुष की समीक्षा के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिला अधिकारियों से चर्चा करने का सुझाव दिया।

समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य सचिव प्रीति सुदन, मनोज झलानी (ए एस एण्ड एमडी) और वंदना गुरनानी संयुक्त सचिव (आर सी एच) के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

श्री नड्डा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय गहन मिशन इन्द्रधनुष के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों और राज्यों को सम्मानित करेगा। उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने वाले जिलों और राज्यों को पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें ये सुनिश्चित करना होगा कि देश में कोई भी बच्चा टीकाकरण के अभाव में बीमार न हो। दो वर्षों में चार चरणों में 2.55 करोड से अधिक बच्चों और करीब 68.71 लाख गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया है।

मिशन इन्द्रधनुष की प्रधानमंत्री निरंतर समीक्षा करते हैं। दिसम्बर 2018 तक 90 प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

● स्वास्थ्य मंत्रालय और रोटरी इंडिया के बीच टीकाकरण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए समझौता पत्र पर हस्ताक्षर

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और रोटरी इंडिया के बीच एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर हुए। इस समारोह की अध्यक्षता केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे• पी• नड्डा ने की। समझौते पर संयुक्त सचिव (आर सी एच) वंदना गुरनानी और रोटरी इंटरनेशल इंडिया के अध्यक्ष दीपक कपूर ने हस्ताक्षर किये। नेशनल पोलियो प्लस पोलियो मुक्त कार्यक्रम, मिशन इन्द्रधनुष के तहत नियमित टीकाकरण और गहन मिशन इन्द्रधनुष को सहयोग प्रदान करेगा।

• सहयोग के मुख्य विषय निम्नलिखित हैं।

लाभार्थियों को एकजुट करना, विशेषकर शहरी बस्तियों में और पिछडें क्षेत्रों में जहां कोई जागरूक करने वाला न हो।

एनसीसी, एनवाईके, एनएसएस के सदस्यों को सहयोग एवं प्रोत्साहन देना ताकि वें जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रियता से भाग लें।

नवीन तरीकों से जागरूकता पैदा करना। निजी पेशेवरों और स्थानीय नेताओं को पोलियो मुक्त कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण और गहन मिशन इन्द्रधनुष जैसे कार्यक्रमों में शामिल करना।

भारत में रोटरी इंटरनेशनल इंडिया नेशनल पोलियो प्लस समिति और स्वास्थ्य मंत्रालय संयुक्त रूप से कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए राज्यों और जिलों की मदद करेंगे।

देश के सबसे कमजोर बच्चों तक पहुंचने की प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News