कांग्रेस के लिए वरदान साबित होगी नारी सम्मान योजना



--विजया पाठक (एडिटर, जगत विजन),
भोपाल - मध्य प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज।

● क्रांतिकारी साबित होगा कांग्रेस का निर्णय

● नारी सम्मान योजना: महिलाओं को मिलेंगे 1500 रुपये, 500 में गैस सिलेंडर

● कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ने भाजपा की योजना पर दिया नहले पर दहला

मध्‍यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस नेता विधानसभा चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गये हैं। कांग्रेस ने महिलाओं में अपनी पकड़ को मजबूत करने के लिए नारी सम्मान योजना की शुरुआत की है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार अगर कांग्रेस की सरकार बनती है तो कांग्रेस प्रदेश भर की महिलाओं के लिए नारी सम्मान में प्रतिमाह 1500 देगी। इस कारण महिलाओं के फॉर्म भरवाए जा रहे हैं., कांग्रेस का यह निर्णय एक क्रांतिकारी निर्णय साबित होगा। मध्यप्रदेश में दिसंबर में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के ठीक पहले राजनीतिक पार्टियों ने जनता को रिझाने के लिए चुनावी वायदें करना अभी से शुरू कर दिया है। जहां भाजपा ने प्रदेश की महिलाओं को रिझाने के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा सरकार की इस योजना पर नहले पर दहला देते हुए नारी सम्मान योजना लागू करने की घोषणा की है। कमलनाथ द्वारा शुरू की गई इस योजना का प्रदेश भर में अच्छा उत्साहवर्धन देखने को मिल रहा है। जाहिर है कि लाड़ली बहना योजना के लिए शिवराज सरकार ने प्रदेश की बहनों को 01 हजार रुपये देने का वायदा किया है। वहीं, नारी सम्मान योजना में कमलनाथ ने 1500 रुपये हर महीने देने की घोषणा की है। कांग्रेस द्वारा शुरू की गई इस योजना के अच्छे परिणाम भी सामने आने लगे हैं। गांव से लेकर शहरों तक हर स्थान पर लोगों में अच्छा खासा उत्साह है और महिलाएं बड़ी संख्या में पहुंचकर योजना का लाभ लेने के लिए फॉर्म भर रही हैं।

शिवराज सरकार की लाडली बहना के जवाब में कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना की शुरूआत की है। यह योजना प्रदेश में आधी आबादी का मान रखेगी। मध्‍यप्रदेश के कुल मतदाताओं में महिला वोटरों की तादाद लगभग आधी है। लिहाजा किसी भी राजनीतिक दल के लिए चुनाव जीतना है तो महिलाओं का दिल जीतना ही होगा। वर्ष 2018 के हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे अब भी रह-रह कर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को आगाह करते रहते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों ही दलों को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। यही कारण है कि दोनों ही दल सियासी दांव चलने के मामले में पीछे नहीं हैं। भाजपा की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने महिलाओं के लिए लाडली बहना योजना को अमलीजामा पहनाया है। इस योजना में पात्र महिलाओं के लिए कुछ शर्तों का भी निर्धारण किया गया है। जबकि कांग्रेस ने नारी सम्‍मान योजना में उम्र का कोई बंधन नहीं रखा है। कांग्रेस पार्टी इस योजना की शुरूआत 09 मई 2023 को छिंदवाड़ा के परासिया से की है। कांग्रेस ने ऐलान किया है कि योजना के तहत महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये हर महीने देंगे और रसोई गैस सिलेंडर पांच सौ रुपये में मिलेगा। भाजपा जहां महिलाओं के खाते में 10 जून 2023 से राशि डालना शुरू कर देगी, वहीं कांग्रेस सत्ता में आने पर महिलाओं को सुविधा देगी।

• कड़ी टक्कर देगी नारी सम्मान योजना

प्रदेश की भाजपा सरकार की लाडली बहना योजना को टक्कर देने के लिए कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना शुरू की है। नारी सम्मान योजना में अब तक 03 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं। इस योजना के माध्यम से कांग्रेस पार्टी की कोशिश है कि मध्य प्रदेश की समस्त महिला मतदाताओं से नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाए जाएं और उन्हें इस योजना के लाभ से अवगत कराया जाए।

• मंहगाई से राहत देने सिलेंडर के दाम भी होंगे कम

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बढ़ते जा रहे सिलेंडर के दामों पर राहत देने का वायदा किया है। कमलनाथ का यह वायदा प्रदेश की तमाम गृहिणियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। क्योंकि भाजपा सरकार में सिलेंडर के दाम छह सौ रुपये से अधिक तक बढ़ गये हैं। एक समय था जब सिलेंडर 400 रुपये में मिलता था, लेकिन आज वही सिलेंडर 1100 से अधिक में मिल रहा है। ऐसे में कमलनाथ द्वारा प्रदेश में 500 रुपये सिलेंडर की कीमत किये जाने का फैसला निर्णायक होगा और इससे मंहगाई से राहत मिलेगी।

• किसानों को भी पहुंचा चुके हैं लाभ

राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो कांग्रेस पार्टी ने बीते विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों के ऋण माफी के लिए विशेष अभियान चलाया था। किसानों के हित में लिये गये इस फैसले से ही प्रदेश में कमलनाथ सरकार आई और उन्होंने अपनी घोषणानुरूप शपथ लेते ही सबसे पहले प्रदेश के किसानों का ऋण माफ करने का निर्णय लिया था। इसी तरह एक बार फिर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में कमलनाथ पर भरोसा दिखाने के लिए उत्सुक हैं। कुल मिलाकर आगामी चुनाव में नारी सम्मान योजना और गैस सिलेंडर के भाव कम करने का फैसला कांग्रेस पार्टी के लिए वरदान साबित हो सकता है।

• योजना को लेकर क्या है कांग्रेस का वचन?

कांग्रेस की इस नारी सम्मान योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए माताओं और बहनों को भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। फार्म भरवाने के लिए कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता खुद उन तक पहुंचेंगे। फार्म भरवाने के बाद महिलाओं को एक रसीद भी दी जाएगी। ये रसीद कि जिले के प्रत्येक स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में जमा होगी। कांग्रेस का कहना है कि इस योजना से प्रदेश के प्रत्येक घर खुशियों से भर जाएगा। माताओं, बहनों और बेटियों को इस योजना के तहत हर महीने 1500 रुपये प्राप्त होंगे, जबकि साल के 18000 हजार रुपये मिलेंगे। महिलाओं को मात्र 500 रुपये में रसोई गैस का सिलेंडर प्राप्त होगा। इससे गृहणियों को अनुमानित 8000 रुपयों की सालाना बचत होगी। इस तरह लगभग 26 हजार रुपयों का लाभ गृहणियों को होगा और रसोई के बजट में भी भारी कमी आएगी। नारी सम्मान योजना का फार्म कांग्रेस के पदाधिकारी और घर-घर जाकर भरवाएंगे। मातृशक्ति को योजना का लाभ लेने के लिये भटकने की आवश्यकता नहीं होगी। ना ही किसी प्रकार के दस्तावेजी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा। ना ही उन्हें घंटों कतार में खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार करना होगा। पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर उनका पंजीयन करेंगे और भरे हुए फार्म की एक रसीद देंगे। रसीद प्राप्त करने के साथ ही उनका पंजीयन हो जाएगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News