अमृतपाल सिंह दिल्ली की सड़कों पर घूमता दिखा..?



--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह अभी तक पंजाब पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। इसी बीच उसका दिल्ली का एक नया सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस से बचने के लिए इसमें अमृतपाल सिंह बिना पगड़ी के नजर आ रहा है। उसने सनग्लासेस लगाए हुए थे और डेनिम जैकेट पहनी थी। सीसीटीवी क्लिप में उसका सहयोगी पापलप्रीत सिंह भी नजर आ रहा है।

दोनों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए नकाब पहन रखा था। दिल्ली का ये सीसीटीवी वीडियो 21 मार्च का है। पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को पंजाब में अमृतपाल और उसके संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी और अमृतपाल उसके बाद से फरार है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अमृतपाल सिंह और पापलप्रीत सिंह हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के रास्ते दिल्ली आए थे।

पुलिस ने इस बारे में ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया है। पुलिस अभी यह बताने से बच रही है कि क्या वह अभी भी दिल्ली में छिपा हो सकता है या यहां से भी भागने में सफल हो गया है। भारत के पड़ोसी देश नेपाल ने पहले ही अमृतपाल सिंह को अपनी निगरानी सूची में डाल दिया है क्योंकि वह नकली पासपोर्ट का उपयोग करके सीमा पार करने का प्रयास कर सकता है।

अमृतपाल सिंह और उसके साथी की पंजाब से भागने से लेकर अब तक की कई सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुकी हैं। बीते दिन अमृतपाल सिंह और पापलप्रीत सिंह की एनर्जी ड्रिंक पीते हुए एक फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई थी। इससे पहले हरियाणा से उसकी एक और तस्वीर सामने आई थी जिसमें वो अपने साथी के साथ दिखा था। इसमें ये दोनों एक ठेले पर अपनी बाइक चढ़ाते हुए दिखाई दिए। इनकी बाइक खराब हो गई थी और इन्होंने एक राहगीर से मदद ली थी जो इन्हें नहीं पहचानता था।

इसी बीच पंजाब सरकार ने मंगलवार (28 मार्च) को पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में कहा कि अलगाववादी अमृतपाल सिंह को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। न्यायमूर्ति एन. एस. शेखावत की अदालत वकील ईमान सिंह खारा की ओर से दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इस याचिका में अमृतपाल सिंह को कथित पुलिस हिरासत से रिहा करने का अनुरोध किया गया है। खारा ने हाल ही में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की, दावा किया गया है कि अमृतपाल पुलिस की 'अवैध हिरासत' में है। सुनवाई के दौरान पंजाब के महाधिवक्ता विनोद घई ने बताया कि अमृतपाल को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

दो वांछित व्यक्तियों को पुलिस से भागते हुए और एक घर में शरण लेते हुए दिखाने वाली कई सीसीटीवी क्लिप सामने आई हैं। इन फुटेज से पुलिस को एक अच्छी तस्वीर बनाने में मदद मिली है कि वह राज्य से कैसे भागा। अमृतपाल सिंह "वारिस पंजाब दे" का प्रमुख हैं, जो अभिनेता और कार्यकर्ता दीप सिद्धू द्वारा शुरू किया गया एक कट्टरपंथी संगठन है। उसके खिलाफ आरोपों में युवाओं को हथियार उठाने और अपने निजी मिलिशिया, आनंदपुर खालसा फौज, या खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (एकेएफ) के साथ हिंसा को अंजाम देने की योजना में शामिल है होने की अशँका व्यक्त की गई है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News