गौतम अडानी दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अरबपति बने



--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

देश के जाने माने बिजनेसमैन गौतम अडानी अब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक, बिजनेसमैन गौतम अडानी की कुल संपत्ति 5.5 अरब डॉलर बढ़ गई है। अब वह 155.7 अरब डॉलर के साथ दुनिया के दूसरे अरबपति बन गए हैं। इसके साथ ही वह फ्रांसीसी टाइकून बर्नार्ड अरनॉल्ट और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस से काफी आगे पहुंच गए हैं। उनके ऊपर यानी नंबर एक पोजीशन पर एलन मस्क हैं, जिनके पास 273.5 अरब डॉलर की संपत्ति है। वही अडानी के बाद बर्नार्ड अर्नाल्ट 155.2 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

टॉप 10 की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी 92.2 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ दूसरे भारतीय हैं। अन्य अरबपतियों में बिल गेट्स, लैरी एलिसन, वॉरेन बफेट, लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन भी टॉप 10 सूची में शामिल हैं। वहीं गौतम अडानी ने 30 अगस्त को लुइस विटॉन के बॉस अरनॉल्ट को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए थे। यह पहला उदाहरण था जब किसी एशियाई को शीर्ष तीन अरबपतियों में स्थान दिया गया था।

ब्लूमबर्ग का कहना है कि गौतम अडानी के पास भारत में सबसे बड़ा बंदरगाह संचालक, थर्मल कोयला उत्पादक और कोयला व्यापारी हैं। गौतम अडानी का जन्म गुजरात में हुआ था। कॉलेज छोड़ने के बाद किशोरावस्था में ही वह मुंबई चले गए और अपने गृह राज्य लौटने से पहले उन्होंने हीरा कारेाबार में काम किया। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक अंगशु मलिक ने ब्लूमबर्ग को बताया कि कंपनी अपने उपभोक्ता वस्तुओं की पेशकश और पहुंच को बढ़ावा देने के लिए मुख्य खाद्य पदार्थों और वितरण कंपनियों में ब्रांडों का अधिग्रहण करना चाह रही है।

वहीं अदानी विल्मर ने खरीद के लिए अपनी आरंभिक सार्वजनिक पेशकश से 500 करोड़ रुपए निर्धारित किए हैं। अडानी की दौलत का बड़ा हिस्सा अडानी समूह के पास सार्वजनिक हिस्सेदारी से प्राप्त होता है, जिससे उन्होंने इसकी स्थापना की थी। मार्च 2022 स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, अडानी इंटरप्राइजेज, अडानी पावर और अडानी ट्रांसमिशन में उनके पास 75% हिस्सेदारी है। वह अडानी टोटल गैस का लगभग 37%, अडानी पोर्ट्स और विशेष आर्थिक क्षेत्र का 65% और अडानी ग्रीन एनर्जी का 61% मालिक हैं। ये सभी कंपनियां और अहमदाबाद में स्थित हैं।

पहली बार कोई भारतीय ब्लूमबर्ग बिलेनियर की इस लिस्ट में इस स्थान पर पहुंचा है। अब अडानी से आगे सिर्फ टेस्ला (Tesla) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क हैं। उल्लेखनीय है कि ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक अडानी उन पांच अरबपतियों में से एक हैं, जिनकी कुल संपत्ति 100 अरब डॉलर से ज्यादा है। उनके अलावा एलन मस्क, जेफ बेजोस, बर्नार्ड अरनॉल्ट और बिल गेट्स 100 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं।

■ ये रही दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट (स्रोत: फोब्स)

● रैंक, नाम, कुल संपत्ति (डॉलर में), कंपनी/उद्योग, देश।

1. एलन मस्क, 273.5 अरब, टेस्ला, स्पेस एक्स, अमेरिका।

2. गौतम अडानी एंड फैमिली, 155.5 अरब, इंफ्रास्ट्रक्चर, कमोडिटी, भारत।

3. बर्नार्ड अर्नाट एंड फैमिली, 155.2 अरब, एलवीएमएच, फ्रांस।

4. जेफ बेजोस, 149.7 अरब, अमेजन, अमेरिका।

5. बिल गेट्स, 105.3 अरब, माइक्रोसॉफ्ट, अमेरिका।

6. लैरी एलिसन, 98.3 अरब, सॉफ्टवेयर, अमेरिका।

7. वॉरेन बफेट, 96.5 अरब, बर्कशायर हैथवे, अमेरिका।

8. मुकेश अंबानी, 92.2 अरब, डायवर्सिफाइड, भारत।

9. लैरी पेज, 89 अरब, गूगल, अमेरिका।

10. सर्गी ब्रिन, 85.4 अरब, गूगल, अमेरिका।

अडानी ग्रुप के अध्यक्ष गौतम अडानी को उनके दूरदर्शी नेतृत्व के सम्मान में बुधवार को यूएस इंडिया बिजनेस काउंसिल 2022 ग्लोबल लीडरशिप अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान सुंदर पिचाई और जेफ बेजोस जैसे दिग्गजों को भी मिल चुका है। पुरस्कार प्राप्त करने पर, दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति ने कहा कि यह पुरस्कार भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर मिला है, जो इसे और भी महत्वपूर्ण और यादगार बनाता है। दो दिनों पहले अदानी दुनिया के अमीरों की सूची में तीसरे स्थान पर थे।

अडानी ने कार्यक्रम में कहा कि इस बात पर कोई असहमति नहीं हो सकती है कि तेजी से विकसित हो रहे और नई उभरती वैश्विक गतिशीलता को देखते हुए, दो सबसे बड़े वैश्विक लोकतंत्रों के बीच साझेदारी की सफलता इस सदी के सबसे परिभाषित संबंधों में से एक होगी।

उन्होंने कहा कि अमेरिका और भारतीय सकल घरेलू उत्पाद का संयुक्त मूल्य 2050 तक 70 ट्रिलियन डॉलर होने की उम्मीद है। यह वैश्विक अर्थव्यवस्था का 35 से 40 फीसदी है।

उन्होंने तीन रणनीतिक क्षेत्रों पर भी प्रकाश डाला, जहां भारत और अमेरिका को संयुक्त प्रगति दिखानी है - जलवायु परिवर्तन, सेमिकंडक्टर और हेल्थ केयर। प्लेनेट को ठंडा करना अब समान रूप से आवश्यक है और अगले दशकों में सबसे अधिक लाभदायक व्यवसायों में से एक हो सकता है। सरकारों ने अपने हिस्से का काम किया है, अब कारोबारियों का काम है कि वे सहयोग का रास्ता निकालें। अडानी ग्रुप इसके लिए पहले ही 70 अरब डॉलर की प्रतिबद्धता जता चुका है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News