सुशान्त सिंह राजपूत मौत मामले की जांच सीबीआई करेगी : सुप्रीम कोर्ट



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच सीबीआई करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई जांच को सही ठहराया है। फैसला सुनाते वक्त कोर्ट ने यह भी कहा कि बिहार पुलिस की एफआईआर सही है। महाराष्ट्र सरकार को आदेश का पालन करना होगा।

कोर्ट ने कहा कि मुंबई पुलिस ने इस मामले में जांच नहीं बल्कि सिर्फ पूछताछ की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई पुलिस को कहा कि सभी दस्तावेज सीबीआई को दें। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस को बड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले को चुनौती दे सकती है।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब सीबीआई की टीम मुंबई जाएगी। अब केस की जांच मुंबई में की जाएगी। सीबीआई मुंबई पुलिस से केस डायरी, सभी गवाहों और संदिग्धों के बयान, फॉरेंसिक और ऑटोप्सी रिपोर्ट मांगेगी। सीबीआई क्राइम सीन का विजिट करेगी। एजेंसी क्राइम सीन को रीक्रिएट भी कर सकती है। सीबीआई उन लोगों के बयान दर्ज करेगी जो सुशांत की मौत के वक्त वहां मौजूद थे। सीबीआई रिया, उनके भाई शोविक, पिता इंद्रजीत और बाकियों को समन भेजेगी। इसके बाद ही सीबीआई किसी की गिरफ्तारी पर फैसला लेगी।

सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुशांत मामले में बिहार में कानून के मुताबिक काम हुआ। हमने संविधान का पालन किया है।

नीतीश कुमार ने कहा, ''ये बिल्कुल ठीक है, जो कानूनी रूप है वही इख्तियार किया गया है। माननीय सुप्रीम कोर्ट आदेशानुसार ऐसा पता चल रहा है कि यह साफ हो गया है। ये बिल्कुल न्याय संगत था और कानून के मुताबिक किया गया है।'' उन्होंने कहा कि ''ये कोई हम लोगों की जीत नहीं है, यह न्यायसंगत बात है। केस का बिहार चुनाव से कोई रिश्ता नहीं है, इसका न्याय से रिश्ता है।''

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद इस मामले में महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को बड़ा झटका लगा है।

इस मामले में 11 अगस्त को सुनवाई पूरी करने के बाद कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई कर रहे जस्टिस ऋषिकेश रॉय ने सभी पक्षों को अपनी दलीलों पर संक्षिप्त लिखित नोट 13 अगस्त तक जमा करवाने की अनुमति दी थी। सभी पक्षों ने 13 अगस्त को अपना जवाब दाखिल कर दिया था।

महाराष्ट्र सरकार और रिया चक्रवर्ती ने कोर्ट से सीबीआई की तरफ से दर्ज की गई एफआईआर को मुंबई पुलिस को सौंपने की मांग की थी। इसका बिहार सरकार और सुशांत के पिता के वकील ने पुरजोर विरोध किया। 14 जून को मुंबई के अपने फ्लैट में मृत मिले अभिनेता सुशांत सिंह का मामला सुप्रीम कोर्ट लेकर उनकी गर्लफ्रेंड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती आई थीं। रिया ने अपने खिलाफ पटना में दर्ज हुई एफआईआर को मुंबई ट्रांसफर करने की मांग करते हुए याचिका दाखिल की थी।

सुशांत के पिता की तरफ से दर्ज एफआईआर में रिया के ऊपर सुशांत को परेशान करने, उसके करोड़ों रुपयों का गबन करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया था। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई से पहले ही बिहार सरकार ने केस सीबीआई को सौंपने की सिफारिश कर दी। इसे केंद्र सरकार ने मान लिया था।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News