सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच के लिए मुम्बई गये जांच अधिकारी बिहार लौटे



--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच करने मुम्बई गई बिहार पुलिस की टीम पटना वापस लौट गई है। गुरुवार को टीम के चार सदस्य फ्लाइट से पटना लौटे जबकि आईपीएस विनय तिवारी अभी मुम्बई में ही क्ववारंटीन हैं।

सीबीआई जांच के लिए नोटिफिकेशन जारी होने के बाद पटना पुलिस बुधवार को मुम्बई में किसी से पूछताछ करने नहीं निकली थी। पटना पुलिस अब तक जुटाए गए सबूतों की फाइल तैयार कर रही है। अब तक जांच से जुड़े सभी कागजात इकट्ठा किये जा रहे हैं, ताकि मामले में जांच एजेंसी को जरूरत पड़ने पर सौंपा जा सके।

सेंट्रल रेंज के आईजी संजय सिंह ने बताया था कि मुम्बई गई पटना पुलिस की टीम जल्द ही वापस लौट सकती है और इस मामले में कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब तक 12 लोगों से पूछताछ की गई है, जिसमें कई अहम सबूत मिले हैं। 27 जुलाई को मुम्बई पहुंची पटना पुलिस अब तक सुशांत की बहन, अंकिता लोखंडे, फ़िल्म डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और रूमी जाफरी, नौकर नीरज, गार्ड, कुक, दीपेश सावंत, सिद्धार्थ पिठनी सहित करीब 12 लोगों का बयान ले चुकी है। पुलिस ने सुशांत के मोबाइल की सीडीआर रिपोर्ट, बैंक स्टेटमेंट सहित अन्य सबूत भी जुटाए हैं।

पटना पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जब पटना पुलिस मलाड में सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा की मौत मामले में संबंधित थाने से जांच से जुड़ी फाइल मांगी तो बताया गया सब कम्प्यूटर से डिलीट हो गया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जब तक पटना पुलिस सुशांत मामले की जांच कर रही थी, तब तक मुम्बई पुलिस उतनी बेचैन नहीं दिखी कि जितनी दिशा मामले में। दिशा मामले की जांच शुरू करते ही मुम्बई पुलिस हरकत में आ गई। बुधवार को मुम्बई पुलिस ने दिशा मामले में आम लोगों से सबूत देने की अपील जारी की है। पुलिस की मानें तो दिशा मामले के सबूत गायब होने या सबूत नष्ट करने के बाद अब मुम्बई पुलिस अपने ही बुने जाल में फंसती जा रही है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News