--अभिजीत पाण्डेय (ब्यूरो),
पटना-बिहार, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को बिहार के पटना जिले में गंगा नदी पर 3000 करोड़ रुपए की लागत से नए चार लेन पुल का निर्माण कराने की घोषणा की।
गडकरी ने बिहार का लाइफलाइन माने जाने वाले महात्मा गांधी सेतु के पश्चिमी लेन के सुपर स्ट्रक्चर का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन करने के बाद पटना जिले में गंगा नदी पर 3000 करोड़ रुपए की लागत से चार लेन पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर लंबे पुल की इस वर्ष अगस्त में निविदा आमंत्रित की जाएगी और अक्टूबर से इसके निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। इस महत्वाकांक्षी पुल का निर्माण कार्य मार्च 2024 तक पूरा कर लिया जाएगा।
● बिहार में बन रहे हैं 12 पुल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार में 12 पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है। इनमें कोसी नदी पर 1400 करोड़ रुपए की लागत से बनने सात किलोमीटर लंबा पुल भी शामिल है। इस पुल के लिए निविदा जारी कर दी गई और इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। यह पुल भागलपुर और मधेपुरा को जोड़ेगा।
इसके अलावा भागलपुर जिले में गंगा नदी पर बिक्रमशिला सेतु के समानांतर 1110 करोड़ रुपए की लागत से साढ़े चार किलोमीटर लंबा पुल का निर्माण किया जाएगा। दो महीने के अंदर इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इसी तरह भोजपुर और बक्सर को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर बनाये जा रहे पुल का निर्माण कार्य 2021 से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं, झारखंड के साहेबगंज में गंगा नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी लागत 1900 करोड़ रुपए है और इसकी भी निविदा जारी की जा चुकी है। इस पुल के बन जाने से कटिहार से झारखंड पहुंचना आसान हो जाएगा।