आबू रोड,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
पत्रकारों के राष्ट्रीय अधिवेशन 'शांति एवं सद्भाव के लिए आध्यात्मिकता - मीडिया की भूमिका" का प्रातः विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के शांतिवन प्रांगण में आगाज हुआ। 20 से 24 सितंबर तक आयोजित इस सम्मेलन में भारत सहित मित्र देश नेपाल के लगभग 1500 मीडियाकर्मी भाग ले रहे है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आई•एफ•डब्ल्यू•जे•) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के• विक्रम राव ने वर्तमान पत्रकारिता में नैतिक मूल्यों के संरक्षण की बात कही। उन्होंने बताया कि 1992 में देश के भविष्य दृष्टाओं ने जो 2014 की स्थिति की बात कही उसका उन्हें पूर्व में ही आभास हो गया था। 2014 से भारत विश्व मे तरक्की करेगा। पत्रकारों के ऊपर लगने वाले आरोपों व न्यायिक प्रक्रियाओं में विलंब से होने वाले नुकसान बताते हुए उन्होंने पत्रकारिता के स्तर में मानवीय दृष्टिकोण से आवश्यक सुधार होने की उम्मीद जताई।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक पत्रकारिता के चलते मानवीय नैतिक मूल्यों का स्थान केंद्र से हाशिये पर जाना चिंताजनक है इसमें मीडियाकर्मियों को बराबर भागीदारी रही है। मीडिया को आध्यात्मिकता से जोड़ना सामाजिक सरोकार हेतु सकारात्मक प्रभाव डालेगा।
उदघाटन सत्र को प्रोफेसर कमल दीक्षित, डॉ• संदीप चौहान, मथुरा से पांचवीं बार विधायक बने पूरण प्रकाश, निर्मला एलीगल, निर्वय भाई, करुणा भाई, शीलू बहन ने भी संबोधित किया।
देश मे शांति व सद्भावना हेतु मीडियाकर्मियों का आव्हान किया गया। पत्रकारों के इस महासम्मेलन में आई•एफ•डब्ल्यू•जे• के 17 राज्यों से आए 350 से भी अधिक पत्रकारों ने भाग लिया।
आई•एफ•डब्ल्यू•जे• राजस्थान इकाई के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह राठौड़, उपाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, जोधपुर ग्रामीण प्रभारी डॉ• सुरेश शर्मा, उत्तम शर्मा, राजसमंद जिला इकाई अध्यक्ष कमल किशोर पालीवाल, जैसलमेर अध्यक्ष मान सिंह देवड़ा, भरतपुर अध्यक्ष उमेश लवानिया, धौलपुर अध्यक्ष गोपेश पचौरी, दौसा से महेंद्र मीणा सहित बड़ी संख्या में राजस्थान से पत्रकार साथी भी इस सत्र में उपस्थित रहे।