देश के सभी चेक पोस्टों पर आवासीय परिसर बनाए जाएंगे : राजनाथ सिंह



अमृतसर, 23 जनवरी 2019, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार 22 जनवरी को पंजाब के अमृतसर जिले के भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर स्थित अटारी एकीकृत चेक पोस्ट (आईसीपी) में सुरक्षाबल आवासीय परिसर की आधारशिला रखी। सुरक्षाबलों की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आईसीपी पर बनने वाला यह पहला आवासीय परिसर होगा और सरकार ने देश के सभी ऐसे चेक पोस्टों पर आवासीय परिसरों के निर्माण का निर्णय लिया है। उन्होंने संयुक्त चेक पोस्ट पर नवनिर्मित सुविधाओं का भी लोकार्पण किया।

राजनाथ सिंह ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुविधाओं से सुरक्षाकर्मियों का आत्मबल बढ़ेगा। आईसीपी पर निर्मित इस सुविधा से न सिर्फ पड़ोसी देश से व्यापार बढ़ेगा बल्कि इस रास्ते के उपयोग से अन्य देशों के साथ भी व्यापार में वृद्धि होगी। इन सुविधाओं से स्थानीय निवासियों को रोजगार भी मिलेगा।

इसके बाद गृहमंत्री ने दर्शक गैलरी का उद्घाटन किया और जेसीपी अटारी पर रिट्रीट उत्सव को देखा।

इसके पहले बीएसएफ के महानिदेशक रजनीकांत मिश्रा, बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के इंस्पेक्टर जनरल महिपाल सिंह यादव और अन्य उच्च अधिकारियों ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया।

मीडिया से बात करते हुए श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

ताजा समाचार


जगत प्रवाह
Image Gallery
जगत विज़न

राष्ट्रीय समाचार


बात हिन्दुस्तान की