खबरें विशेष : मंत्रिमंडल द्वारा मंजूरी/स्वीकृति



नई दिल्ली, 01 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

॥●॥ मंत्रिमंडल ने पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और कोरिया के मध्‍य समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर करने की मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता में मंत्रिमंडल ने पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत और कोरिया के मध्‍य समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्‍ताक्षर करने की मंजूरी दी है।

इस समझौता ज्ञापन के मुख्‍य उद्देश्‍य इस प्रकार हैं-

ए. पर्यटन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग का विस्‍तार करना।

बी. पर्यटन से संबंधित जानकारी और डाटा के आदान-प्रदान को बढ़ाना।

सी. होटलों और टूर ऑपरेटर्स सहित पर्यटन हितधारकों के मध्‍य सहयोग को प्रोत्‍साहन देना।

डी. मानव संसाधन विकास में सहयोग के लिए आदान-प्रदान कार्यक्रमों को स्‍थापित करना।

ई. पर्यटन और आतिथ्‍य सत्‍कार क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्‍साहित करना।

एफ. दोतरफा पर्यटन को प्रोत्‍साहित करने के लिए टूर ऑपरेटरों/मीडिया/जनमत निर्माताओं की यात्राओं का आदान-प्रदान।

जी. संवर्धन, विपणन गंतव्‍य विकास और प्रबंधन के क्षेत्रों में अनुभव का आदान-प्रदान करना।

एच. एक-दूसरे के देश में यात्रा मेलों/प्रदर्शनियों में भागीदारी को प्रोत्‍साहित करना।

आई. सुरक्षित, सम्‍मानित और सतत पर्यटन को बढ़ावा देना।

• पृष्‍ठभूमि - भारत और कोरिया के मध्‍य मजबूत राजनयिक और दीर्घकालीन आर्थिक संबंध मौजूद हैं। दोनों पक्ष अब पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए मौजूदा संबंधों को ज्‍यादा मजबूत तथा विकसित करना चाहते हैं। कोरिया, पूर्व एशिया से भारत के लिए शीर्ष पर्यटक जुटाने वाले बाजारों में से एक देश है। कोरिया के साथ इस समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर होने से इस संसाधन बाजार से भारत में पर्यटकों का आगमन बढ़ाने में महत्‍वपूर्ण योगदान मिलेगा।


॥●॥ मंत्रिमंडल ने ओडिशा के झारसुगुड़ा हवाई अड्डे का नया नाम ‘वीर सुरेन्द्र साई हवाई अड्डा, झारसुगुड़ा’ करने की स्वीकृति दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंत्रिमंडल ने ओडिशा के झारसुगुड़ा हवाई अड्डे का नया नाम ‘वीर सुरेन्द्र साई हवाई अड्डा, झारसुगुड़ा’ करने की स्वीकृति दे दी है।

• लाभ : वीर सुरेन्द्र साई ओडिशा के जाने-माने स्वतंत्रता सेनानी हैं। झारसुगुड़ा हवाई अड्डे को नया नाम देने से ओडिशा सरकार की पुरानी मांग पूरी होगी जो स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुकूल है। यह कदम राज्य से जुड़े सम्मानित लोगों के प्रति उचित श्रद्धांजलि भी होगा।


॥●॥ मंत्रिमंडल ने आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता पर भारत और मोरक्को के बीच समझौते को मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आपराधिक मामलों में पारस्परिक कानूनी सहायता पर भारत और मोरक्को के बीच समझौते को अपनी स्वीकृति दे दी है।

• लाभ : यह समझौता भारत और मोरक्को के बीच अपराध की जांच तथा अभियोजन, रोकथाम, अपराध से हुई प्राप्तियों और अपराध के साधनों की जब्ती तथा अपराध के तरीकों से निपटने में व्यापक कानूनी ढांचा प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य अपराध की जांच और अभियोजन को अधिक कारगर बनाना तथा समाज के लिए आवश्यक शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करना है। यह समझौता संगठित अपराधियों और आतंकवादियों के तौर-तरीकों के बारे में जानकारी हासिल करने में सहायता देगा और परिणामस्वरूप आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में उचित नीतिगत निर्णय लिए जा सकेंगे।


॥●॥ मंत्रिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्यों देशों को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) की सदस्यता के लिए आईएसए के समझौता ढांचे में संशोधन के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की प्रथम बैठक में प्रस्ताव पेश करने की मंजूरी दी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्यों देशों को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) की सदस्यता के लिए आईएसए के समझौता ढांचे में संशोधन के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की प्रथम बैठक में प्रस्ताव पेश करने की मंजूरी दे दी है।

• लाभ : संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों को अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन की सदस्यता देने से सौर ऊर्जा वैश्विक एजेंडा में शामिल हो जाएगा और सौर ऊर्जा के विकास औऱ तैनाती के लिए सार्वभौमिक अपील की जा सकेगी। यह आईएसए को समावेशी बनाएगा जिसके अंतर्गत संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य देश अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के सदस्य होंगे। सदस्यता के विस्तार से आईएसए विश्व स्तर पर लाभ प्रदान करेगा।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News