केन्द्र सरकार की सीधी उड़ान सेवा के लिए पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के साथ बातचीत



नई दिल्ली, 24 अक्टूबर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

नागर विमानन राज्यमंत्री जयंत सिन्हा ने आज नई दिल्ली में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के पर्यटन मंत्री पॉल पापालिया से मुलाकात की। इसका उद्देश्य भारत और पर्थ के बीच सीधी नॉन-स्टॉप विमान सेवा शुरू करने के लिए पश्चिमी ऑस्ट्रेलियाई सरकार से सहमति प्राप्त करना था।

जयंत सिन्हा ने कहा कि वार्ताएं सकारात्मक और सहमति आधारित थीं तथा सीधी उड़ान सेवाएं शुरू होने से पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों देशों को लाभ मिलेगा। एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंधक निदेशक प्रदीप खडोला भी बैठक में उपस्थित थे।

दिसम्बर 2015 की तुलना में दिसम्बर 2017 के दौरान आगंतुकों की संख्या में 38 प्रतिशत की वृद्धि के साथ भारत पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के लिए एक तेजी से उभरता हुआ बाजार है। हाल में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया सरकार ने पहली बार भारतीय उपभोक्ताओं के लिए बाजार हेतु धन उपलब्ध कराने का वादा किया है और मुंबई में एक बाजार प्रतिनिधि नियुक्त किया है।

एयर इंडिया ने इस रूट के लिए कारोबार के अवसर तलाशने के बारे में सहमति व्यक्त की।

जयंत सिन्हा ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापार, निवेश, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत संबंध हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीधी उडान सेवा से ये संबंध और भी अधिक मजबूत होंगे।

बैठक के बाद पॉल पापालिया ने कहा कि आज की बैठक अत्यधिक लाभदायक थी तथा भारत और पर्थ के बीच सीधी उड़ान सेवाओं की स्थापना की दिशा में प्रयासों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया सरकार भारत से पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में जाने वाले पर्यटकों की संख्या को बढ़ाने के बारे में गंभीर है।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News