नई दिल्ली, 27 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
भारत के उप-राष्ट्रपति एम• वेंकैया नायडू ने कहा है कि रक्षाबंधन देखभाल और सुरक्षा का प्रतीक है। वे दिल्ली के विभिन्न स्कूलों से आये 100 से ज्यादा उन बच्चों को संबोधित कर रहे थे जो उनके निवास पर राखी बांधने आये थे।
उप-राष्ट्रपति ने कहा कि यह एक प्राचीन भारतीय परंपरा है और रक्षा बंधन का पर्व जो कि परंपरागत तौर पर भाईयों एवं बहनों के बीच मानवीय संबंधों का उल्लास है, इसका वर्तमान समय में एक व्यापक महत्व है जो कि संभवत: सदैव भी रहेगा।
यह एकजुटता, एकता और मानवीयता का उल्लास है।
उप-राष्ट्रपति ने कहा कि हम सबको ऐसी राखी बांधनी चाहिये जो हमें एक सूत्र में पिरो दे। उन्होंने कहा कि आइये हम सब उन मतभेदों को भुला दें जो कि हमारे सामाजिक तानेबाने में विघटन डालते हैं।
उप-राष्ट्रपति ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच अदृश्य बंधन का प्रतीक है, साथ ही भाई के द्वारा बहन की सुरक्षा की अंतर्निहित धारणा को भी दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि आइये हम सब सभी महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को सुनिश्चित कर रक्षाबंधन की परपंरा को बनाये रखें। और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी बढ़ाओं सभी भारतीयों का मंत्र होना चाहिये।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उप-राष्ट्रपति निवास जाकर उनको राखी बांधी। इस अवसर पर उप-राष्ट्रपति की पत्नी ऊषा नायडू भी उपस्थित थीं और उन्होंने रक्षा बंधन के अवसर पर बधाइयां दीं।