नई दिल्ली, 08 अगस्त 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अरुणाचल के जिरो के एक युवक तागे डुले के साथ घटित दुर्घटना पर चिंता जाहिर की है जिसकी 03 अगस्त 2018 को उत्तर प्रदेश में रेल यात्रा के दौरान आयी चोटों की वजह से मृत्यु हो गयी थी।
उन्होंने इस मामले को तुरंत ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री के साथ उठाया और उनसे निवेदन किया कि उन तथ्यों और घटनाक्रम की जांच की जाये जिसकी वजह से युवक की मृत्यु हुई है। श्री रिजिजू ने किन्हीं व्यक्तियों के दोषी पाये जाने की स्थिति में उनके खिलाफ कार्यवाही की मांग की। उन्होंने जांच में इस बात को स्पष्ट करने की मांग कि कहीं मामला उत्तर-पूर्व के लोगों के साथ भेदभाव से तो नहीं जुड़ा हुआ है।
किरेन रिजिजू ने उत्तर प्रदेश सरकार और रेल मंत्रालय से इस संकट की घड़ी में मृतक के परिजनों को यथा संभव मदद उपलब्ध कराने को भी कहा है। उन्होंने मृतक के परिजनों के साथ संवेदना भी व्यक्त की है।