भारतीय मौसम विभाग द्वारा एसएमएस के जरिए भेजी जा रही हैं आपदा प्रबंधन एजेंसियों को चक्रवात की पूर्व चेतावनी



नई दिल्ली, 19 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) केन्‍द्र और राज्‍य स्‍तर की आपदा प्रबंधन एजेंसियों को चक्रवातों की पूर्व चेतावनी जारी करने के लिए एसएमएस आधारित प्रणाली 2010 से ही शुरु कर चुका है जबकि आम लोंगो के लिए यह व्‍यवस्‍था 2015 से आईएमडी की वेबसाइट पर निशुल्‍क पंजीकरण के जरिए की गयी है। आईएमडी ने चक्रवातों की जानकारी के लिए अलग से एक वेबसाइट www.rsmcnewdelhi.imd.gov.in 2014 में ही शुरु कर दी थी। आम लोग इस वेबसाइट पर निशुल्‍क पंजीकरण करा हिन्‍द महासागर के उत्‍तरी क्षेत्र में बनने वाले चक्रवाती तूफानों के बारे में पूर्व चेतावनी एसएमएस संदेशों के जरिए प्राप्‍त कर सकते हैं। चक्रवातों से प्रभावित होने वाले राज्‍यों के पंजीकृत यूजर्स को पूर्व चेतावनी संदेश एसएमएस के जरिए भेजे जाते हैं। इसके अतिरिक्‍त अलग अलग क्षेत्रों में बनाए गए चक्रवात चेतावनी केन्‍द्र भी अपनी ओर से आपदा प्रबंधन एजेसिंयो को इस तरह के संदेश भेजते हैं।

एसएमएस आधारित चक्रवात चेतावनी संदेश पंजीकृत किसानों को भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के किसान पोर्टल के जरिए भी भेजे जाते हैं। पंजीकृत मछुआरों को ऐसे संदेश हैदराबाद स्थित भारतीय राष्‍ट्रीय महासागर सूचना सेवा केन्‍द्र (आईएनसीओआईएस) की ओर से प्रेषित किए जाते हैं।

गहरे समुद्र में मछली पकड़ने जाने वाले मछुआरों को आईएमडी ऐसे संदेश भेजने की व्‍यवस्‍था उपग्रह आधारित सूचना प्रणाली के जरिए करने के लिए इसरो और आईएनसीओआईएस की मदद ले रहा है।

एसएमएस सेवा के लिए आईएमडी ने इलेक्‍ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की मदद से डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत एक मानक प्रणाली स्‍थापित की है।

यह जानकारी केन्‍द्रीय पृथ्‍वी विज्ञान मंत्री डॉ• हर्षवर्धन ने लोकसभा में एक लिखित उत्‍तर में दी थी।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News