नई दिल्ली, 03 जुलाई 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने अपने यहां आंतरिक तौर पर विकसित एवं एकल-छत्र वाली ई-मार्केटिंग प्रणाली ‘खादी संस्थान प्रबंधन एवं सूचना प्रणाली (किमिस)’ का आज नई दिल्ली में शुभारंभ किया। खादी एवं ग्रामोद्योगों के उत्पादों की खरीद-बिक्री के लिए देश में कहीं से भी इस प्रणाली या सिस्टम तक पहुंचा जा सकता है।
केवीआईसी के अध्यक्ष विनय कुमार सक्सेना ने ‘किमिस’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि खरीद-बिक्री के लिए आंतरिक तौर पर एकल वृहद बिलिंग सॉफ्टवेयर विकसित करना समय की मांग है जिस पर देश में कहीं से भी चौबीसों घंटे करीबी नजर रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि केवीआईसी की आईटी टीम ने एक पूरी तरह त्रुटिहीन सॉफ्टवेयर विकसित किया है जिसे यदि किसी अन्य कंपनी अथवा थर्ड पार्टी से खरीदा जाता तो उस पर करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते। यह सॉफ्टवेयर खादी उत्पादों की बिक्री के बारे में वास्तविक समय वाले डेटा उपलब्ध कराएगा और इसके साथ ही खादी भवनों एवं संबंधित गोदामों में उपलब्ध खादी स्टॉक के बारे में अद्यतन जानकारी भी देगा। इससे केवीआईसी के तैयार स्टॉक का बेहतर नियोजन एवं नियंत्रण संभव हो सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि 480 खादी संस्थानों और शोरूम को इस बिलिंग सॉफ्टवेयर से लिंक कर दिया गया है और यह मांग बढ़ाने तथा अधिक मांग होने की स्थिति में वस्तुओं की आपूर्ति करने में उपयोगी साबित होगा।