एनसीईआरटी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय योग ओलंपियाड-2018 नई दिल्ली में शुरू



नई दिल्ली, 18 जून 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय योग ओलंपियाड-2018 आज से नई दिल्ली में प्रारंभ हो गया। इसका उद्घाटन एरिक फाल्ट ने किया। वे यूनेस्को में निदेशक और इसके दिल्ली में स्थित कार्यालय में भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल तथा मालदीव के लिए प्रतिनिधि हैं।

एनसीईआरटी लगातार तीसरे वर्ष राष्ट्रीय योग ओलंपियाड का आयोजन कर रही है। इसमें 26 राज्यों और चार क्षेत्रीय शिक्षा संस्थानों के 500 छात्र हिस्सा ले रहे हैं। पिछले वर्ष इसमें 25 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों ने हिस्सा लिया था।

अपने स्वागत भाषण में राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद के निदेशक ऋषिकेश सेनापति ने कहा कि ओलंपियाड के माध्यम से वैज्ञानिक और समग्र जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ती है। इसका उद्देश्य लोगों में सकारात्मक दृष्टिकोण पैदा करना और समाज में शांतिप्रिय जीवन पद्धति को बढ़ावा देना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उद्धृत करते हुए कहा कि “यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि योग की सही भावना प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे”।

एनसीईआरटी में डीन प्रोफेसर सरोज यादव ने कहा कि योग से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि योग ओलंपियाड का उद्देश्य बच्चों के मध्य योग के प्रति जागरूकता पैदा करना और टीम भावना तथा आत्मविश्वास पैदा करना है।

इस अवसर पर रेवाड़ी (हरियाणा) और केरल के सरकारी बालिका विद्यालयों के छात्रों ने योग अभ्यास की शानदार प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि एरिक फाल्ट ने एनसीईआरटी का इस अद्भुत प्रस्तुति को देखने का अवसर प्रदान करने के लिए शुक्रिया अदा किया।

इस अवसर पर दो किताबों का भी विमोचन हुआ। इन दो किताबों के नाम है जॉय ऑफ थिएटर और संगीत।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
इ-अखबार - जगत प्रवाह
  India Inside News