बच्चों को ज्ञान ही नहीं संस्कार देना भी जरूरी - राजनाथ सिंह



लखनऊ, 02 नवम्बर 2018, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि बच्चों को ज्ञान देने के साथ ही अच्छे संस्कार देना भी जरूरी है। उन्होने कहा कि वही ज्ञान समाज के लिए उपयोगी होता है जो संस्कारों से युक्त होता है।

राजनाथ सिंह आज लखनऊ में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 31वें राष्ट्रीय खेल कूद समारोह के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के परम्परागत मूल्य तथा सांस्कृतिक विशिष्टताएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति वास्तव में मन को बड़ा करने का काम करती है और यही कारण है कि वसुधैव कुटुम्भकम जैसे विचार भारत में ही पाये जाते हैं। उन्होंने सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने और राष्ट्रवाद को बढ़ावा देने में विद्या भारती के योगदान की सराहना की।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पहले के समय में आर्थिक रूप से मजबूत पश्चिमी देशों का ही विश्व में खेलों में वर्चस्व रहता था जिसे बाद में एशिया के जापान चीन और कोरिया जैसे देशों ने भंग किया। उन्होंने कहा कि भारत आज न केवल आर्थिक महाशक्ति बल्कि खेल महाशक्ति बनने की ओर भी अग्रसर है।

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिन के 31वें राष्ट्रीय खेल कूद समारोह में देश भर में फैले विद्या भारती विद्यालयों के करीब 1250 छात्र/छात्राओं तथा संरक्षक शिक्षकों ने भाग लिया। केन्द्रीय गृह मंत्री ने इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों के बीच पुरस्कार भी वितरित किये।

ताजा समाचार

National Report



Image Gallery
राष्ट्रीय विशेष
  India Inside News