दिल्ली की मंत्री आतिशी को 29 जून को कोर्ट में पेशी का आदेश



--राजीव रंजन नाग
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज।

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आतिशी के खिलाफ ये समन मानहानि मामले में जारी किया गया है। कोर्ट ने आतिशी को 29 जून को पेश होने के लिए तलब किया है। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आरोपी हैं। 1 जून को पंजाब में लोकसभा सीटों के लिए मतदान होना है। ऐसे समय में आतिशी के खिलाफ समन जारी होना पार्टी के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के एसीएमएम ने दिल्ली भाजपा के मीडिया विभाग के प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर के एक मुकदमे को स्वीकर कर लिया है। प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्ली की मंत्री आतिशी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इसके साथ ही कोर्ट ने दिल्ली की मंत्री आतिशी को 29 जून को अदालत में पेश होने के लिए बुलाया है।

दरअसल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री आतिशी के खिलाफ कोर्ट में आपराधिक शिकायत दायर कर भाजपा और पार्टी के सदस्यों की मानहानि का आरोप लगाया गया था। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट तान्या बामनियाल के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

प्रवीण शंकर कपूर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि आम आदमी पार्टी के दोनों नेताओं (अरविंद केजरीवाल और आतिशी) ने भाजपा पर आप विधायकों को खरीदने और राज्य सरकार को गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए 'झूठे और मनगढ़ंत बयान' दिए जिसका मकसद भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं की प्रतिष्ठा को आम जनता में कम करना था। प्रवीण शंकर कपूर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि "इस प्रकार के दुर्भावनापूर्ण/निंदनीय बयानों के जरिए आम आदमी पार्टी, भाजपा और उसके सदस्यों को बदनाम करते हैं। इतना ही नहीं प्रेस वार्ता के मंच का उपयोग करते हुए झूठे बयान देकर राजनीतिक लाभ हासिल करने की कोशिश करते हैं।"

फिलहाल देश में लोकसभा चुनाव का माहौल है। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल खुद अंतरिम जमानत पर बाहर आए हुए हैं। वहीं लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें सरेंडर करना है। ऐसे में आदमी पार्टी की नेता आतिशी को भी समन किया गया है। वहीं आप की ओर से भाजपा पर लगातार पार्टी को तोड़ने के आरोप लगाए जाते रहे हैं। अलग-अलग चुनावी जनसभाओं में अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि पीएम मोदी आम आदमी पार्टी के सभी नेताओं को जेल में भेजकर पार्टी को खत्म करना चाहते हैं।

दिल्ली शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल 1 जून तक के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अंतरिम जमानत पर हैं। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी इसी मामले में जमानत पर हैं। मनीष सिसोदिया इस मामले में अभी भी जेल में ही हैं। वहीं, सत्येंद्र जैन आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल में हैं।

https://www.indiainside.org/post.php?id=9758