● राष्ट्रपति ने अंतर्राष्ट्रीय सैन्य औषधि समिति की 42वीं विश्व कांग्रेस के समापन समारोह में शिरकत की
24 नवम्बर। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने विज्ञान भवन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सैन्य औषधि समिति (आईसीएमएम) की 42वीं विश्व कांग्रेस के समापन समारोह में शिरकत की। समारोह में 74 सदस्य देशों के 1,187 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि इस वर्ष के विश्व कांग्रेस की विषयवस्तु ‘मिलिट्री मेडिसिन इन ट्रांजिशन’ बहुत उपयुक्त है। इसमें चिकित्सा विज्ञान से संबंधित बदलते परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए विचार-विमर्श किया गया।
प्रशिक्षण और अनुसंधान पर ध्यान रखने के कांग्रेस के प्रयासों की सराहना करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि विश्व के मौजूदा परिदृश्य को देखते हुए यह जरूरी है कि हम औषधि के दो पक्षों, यानी प्रशिक्षण और चिकित्सा अनुसंधान पर बल दें।
लड़ाकू सिपाही के तौर पर महिलाओं की भूमिका पर आयोजित विशेष पैनल चर्चा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मैं सशस्त्र बलों की बहादुर महिलाओं के हवाले से कहना चाहता हूं कि वर्दी में सुसज्जित महिलाएं हर तरह की भूमिका के लिए सशस्त्र बलों का महत्वपूर्ण अंग हैं। अब अधिक से अधिक देश महिलाओं को बड़ी से बड़ी जिम्मेदारियां देने के लिए आगे आ रहे हैं। भारत में भी महिलाएं सशस्त्र बलों में शामिल होकर देश की सेवा कर रही हैं। महिलाएं भारतीय सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में मेडिकल, डेन्टल और नर्सिंग अधिकारियों के तौर पर स्वतंत्रता के बाद से ही हिस्सा लेती रही हैं। उन्होंने अत्यन्त कठिन परिस्थितियों में भी शानदार काम किया है।
कांग्रेस को संबोधित करते हुए रक्षा राज्य मंत्री डा• सुभाष भामरे ने कहा कि सशस्त्र मुठभेड़ों की प्रकृति निरंतर बदल रही है और युद्ध गतिविधि गैर-पारम्परिक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि गैर-पारम्परिक टकराव की अपनी विशेषताएं हैं और सैन्य औषधि से संबंधित प्रोफेशनलों को अब उन्हें अपनाना होगा। आपदाओं का उल्लेख करते हुए डा• भामरे ने कहा कि सशस्त्र बल देश की रक्षा करने के साथ भूकंप, सुनामी, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक तथा मानव निर्मित संकटों का मुकाबला भी करते हैं।
समापन समारोह को सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के महानिदेशक ले•जन• बिपिन पुरी ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बी• एस• धनोवा सहित अन्य विशिष्टजन भी उपस्थित थे। पांच दिन चलने वाली कांग्रेस का समापन इस फैसले के साथ हुआ कि सैन्य औषधि 2019 पर 43वीं आईसीएमएम विश्व कांग्रेस का आयोजन 19-24 मई 2019 को बेसेल, स्विट्जरलैंड में किया जाएगा। उसकी विषयवस्तु ‘मेडिसिन ऑन दी मूव’ होगी।
https://www.indiainside.org/post.php?id=972