विन्ध्यधाम: अलीगढ़ से आये परिवार की बहु के साथ पंडा ने की छेड़खानी



--हरेन्द्र शुक्ला,
मिर्जापुर - उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज।

● परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर, आरोपी को किया गिरफतार

● पंडा राज मिश्रा का सपा से है गहरा तालुक्कात

विन्ध्यधाम में अलीगढ़ से आये परिवार की बहु के साथ पंडा राज मिश्रा ने छेड़खानी की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

खुद को प्रशासनिक पंडा बताने वाले पुरोहित व सपा कार्यकर्ता राज मिश्रा उर्फ राज पंडा ने मंगलवार की शाम दर्शन के लिए आए अलीगढ़ के एक परिवार की महिला के साथ अपने गेस्ट हाउस के अंदर छेड़खानी की। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। अलीगढ़ से एक परिवार सोमवार को वाराणसी घूमने आया। वहां से मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे विंध्याचल पहुंचा। परिवार के लोगों ने मां विंध्यवासिनी, मां अष्टभुजा और मां कालीखोह के दर्शन किए। परिवार के एक व्यक्ति ने बताया कि इसके बाद वे विंध्याचल पहुंचे तो परिचित राज पंडा मिल गया। उनसे उन्होंने कहा कि पत्नी के साथ पूजा करानी है। इस पर वह पंडा अपने गेस्ट हाउस पर ले गया। गेस्ट हाउस पर बाहर शोर हो रहा था। इस पर पंडा ने कहा कि कमरे में पूजा करा दें। उन्होंने सहमति जताई तो कमरे में ले गया। पत्नी से पूजा कराने के बाद कहा कि बहू से पूजा करा दें। इसके बाद बहू को कमरे में ले गया और दरवाजे में कुंडी लगा दी। आरोप लगाया कि राज मिश्रा ने कमरे में बहू के साथ छेड़खानी की। बहू रोने लगी। इस पर पंडा माफी मांगने लगा। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। फिर पुलिस जांच करने पहुंची।

मौके पर एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति, सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा पहुंचे। एएसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि अगीगढ़ से एक परिवार दर्शन करने आया था। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि उनकी बहू के साथ गेस्ट हाउस के मालिक राज मिश्रा उर्फ राज पंडा ने छेड़खानी की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। छेड़खानी करने का आरोपी राज पंडा अधिकारियों का करीबी है। पंडा खुद को प्रशासनिक पंडा बताता है। जिले के अलावा अन्य स्थानों से आने वाले अधिकारियों को दर्शन-पूजन कराने का कार्य करता है। अधिकारी अथवा उनके परिजन उसके गेस्ट हाउस पर ही ठहरते हैं। दो वर्ष पहले ही राज पंडा ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी।

उधर, छेड़खानी की घटना के बाद आरोपी व कई अन्य लोग पीड़ित परिवार को मनाने में जुट गए। यह सिलसिला विंध्याचल कोतवाली तक चलता रहा। लेकिन पीड़ित परिवार मुकदमा दर्ज कराने के लिए अड़ा रहा। मौके पर सीओ और एएसपी सिटी पहुंचे। लेकिन परिवार केवल मुकदमा और न्याय की बात करता रहा। अंत में मुकदमा दर्ज किया गया।

• छेड़खानी का आरोपी पंडा खुलेआम करता है यात्रियों के साथ दबंगई

इसके पूर्व भी गत मई माह में लखनऊ उच्च न्यायालय की अधिवक्ता प्रियंका तिवारी के रिश्तेदार विंध्याचल में जनेऊ संस्कार कराने गई थी। छेड़खानी के आरोपी पंडा के राज विशिष्ट अतिथि गृह में प्रति कमरा पंद्रह सौ रुपए की दर से स्थानीय समाजसेवी ने आरक्षित कराया था। उपरोक्त परिवार जब जनेऊ संस्कार से निवृत्त होकर गेस्ट हाउस का हिसाब करने गया तो बताया गया कि प्रति कमरे का भुगतान 4500 सौ रुपए की दर से करना होगा। जबकि 8×8 साइज के जर्जर कमरे में एसी तो लगा था लेकिन खराब पड़ा था। जब यात्रियों ने इसका प्रतिकार किया तो छेड़खानी का आरोपी राज मिश्रा गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया था। किसी तरह लोगों के बीच बचाव से मामले को सलटाया गया। इस विवाद के चलते श्रद्धालुओं की ट्रेन भी छुट गई थी। इस भीषण गर्मी में किसी तरह अपने गंतव्य को रवाना हुए। सूत्रों के अनुसार छेड़खानी का आरोपी पंडा राज मिश्रा सपा का स्थानीय नेता भी है। उसके गेस्ट हाउस में अनैतिक कार्यो के संचालन की भी खबरें आती रहती है। लेकिन पता नहीं किस दबाव में स्थानीय पुलिस दबंग पंडा राज मिश्रा के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर पाती है। यह यक्ष प्रश्न है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=9315