--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की शुक्रवार को बुखार आने के बाद उन्हें सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्हें 2 मार्च यानी गुरुवार को ब्रोंकाइटिस की समस्या के बाद भर्ती कराया गया है। वह लगातार डॉक्टर्स की निगरानी में हैं और कई जांचों के दौर से गुजर रही हैं। अस्पताल की ओर से कहा गया है कि सोनिया गांधी अभी निगरानी में हैं और उनके मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। हालांकि हालत अभी स्थिर बताई गई है।
सोनिया गांधी का चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अरूप बासु की निगरानी में इलाज चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक कोई गंभीर बात नही है। सांस लेने में तकलीफ जो वो पिछले कुछ समय से झेल रही थीं, जिसकी वजह से उन्हें अक्सर निबुलाइज़ भी कराया जाता है। उन्हीं कारणों से इस बार भी भर्ती कराया गया है। सर गंगाराम अस्पताल ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. डीएस राणा ने सोनिया गांधी की हेल्थ रिपोर्ट को नॉर्मल बताया है।
सोनिया गांधी की तबीयत ऐसे समय में खराब हुई है, जब राहुल गांधी विदेश दौरे पर हैं। इससे पहले सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने के बाद बीती 5 जनवरी को गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल की ओर से बताया गया था कि उन्हें वायरल संक्रमण की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टर्स की एक टीम की निगरानी में उनका इलाज चला था। उस समय सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी अपनी मां के साथ मौजूद थीं। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के कारण उन्हें सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ा था। 10 जनवरी को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
सोनिया गांधी अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते अब ज्यादा सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने से परहेज करतीं हैं। हालांकि पार्टी के सभी कार्यक्रमों में जरूर मौजूद रहती हैं। हाल ही में वह छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस पार्टी के महाधिवेशन में शामिल हुईँ थीं। सोनिया के साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया था।
उन्होंने पार्टी के 85वें पूर्ण अधिवेशन में राजनीति से अपनी सेवानिवृत्ति की ओर इशारा किया और कहा कि वह खुश हैं कि उनकी "पारी भारत जोड़ी यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है।"
कांग्रेस संचालन समिति ने पार्टी की शीर्ष निर्णायक परिषद (कार्यसमिति) के लिए चुनाव नहीं कराने का फैसला किया है। पार्टी के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने सदस्यों को मनोनीत करने के लिए अधिकृत किया है।
137 वर्षीय कांग्रेस की नेता ऐसे समय में अस्पताल में भर्ती हुई हैं, जब राहुल गांधी देश से बाहर हैं। राहुल इस समय ब्रिटेन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने के लिए गए हुए हैं। कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए भारत में लोकतंत्र को खतरा बताया। उन्होंने कहा, "भारत में विपक्षी नेताओं पर केस किए जा रहे हैं। मेरे ऊपर कई केस किए गए। विपक्ष के नेताओं के फोन में पेगासस डाला गया। मेरे फोन को टैप किया जाता है।"
https://www.indiainside.org/post.php?id=9142