भोपाल - मध्य प्रदेश,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
छत्तीसगढ़ से संबंधित ऑनलाइन सट्टा की खबर प्रकाशित करने पर सुपैला थाना टीआई (वर्दीधारी), एक अन्य पुलिसकर्मी (वर्दीधारी) एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के साथ भोपाल स्थित कार्यालय में अवैधानिक तरीके से पूछताछ व धमकी देने पर जगत विज़न पत्रिका की सम्पादक विजया पाठक ने महामहिम राष्ट्रपति को शिकायत पत्र लिखा है। जगत विज़न पत्रिका के अक्टूबर अंक (05/10/2022) में पृष्ठ क्रमांक 06 से 17 तक आवरण-कथा में प्रदेश में संचालित ऑनलाइन महादेव ऐप पर प्रकाशित किया गया था। पत्रिका की तथ्यात्मक जानकारी और गम्भीरता के कारण प्रवर्तन निदेशालय ने मामले को अपने हाथ में ले लिया है। चूँकि इस मामले में पुलिस के दुर्ग, भिलाई और रायपुर की संलिप्तता को लेकर अंदेशा है, इसी से संबंधित कुछ दिन पहले भिलाई के सुपैला थाने से फोन आया था कि उक्त संबंध में आपको जानकारी किसके द्वारा प्रदाय की गई? जब उस व्यक्ति का वर्ताव अवांछनीय लगा तो सम्पादक ने फोन बन्द कर दिया। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने अपने आप को भिलाई का पार्षद बताते हुए मामले से संबंधित सोर्स बताने की बात की थी। दो दिन पहले भी कुछ पुलिस वालों ने रायपुर स्थित कार्यालय में आकर सम्पादक के बारे में पूछताछ की।
सम्पादक विजया पाठक ने बताया कि रविवार 25 दिसम्बर 2022 को सुपैला थाने से वर्दीधारी थ्री स्टार दुर्गेश कुमार शर्मा, एक अन्य वर्दीधारी और 3 - 4 संदिग्ध भोपाल स्थित कार्यालय में आकर धमकाने की कोशिश की। मेरी अनुपस्थिति में मेरे स्टाफ के साथ अभद्रता की। स्टाफकर्मी अर्चना शर्मा व संतराम से बातचीत में उन्होंने बोला कि इनको महादेव ऐप से संबंधित मैडम के सोर्स की तलाश है। उन्होंने किसी एसपी से फोन पर बात करवाई जब स्टाफ द्वारा बताया गया कि आपको जो भी मदद चाहिए लिख कर दे दीजिए। लिख कर भी नहीं दिए। जब तक वीडियो बनाये जा रहे थे तब तक उन्होंने संयमित बातचीत की। वीडियो रिकॉर्डिंग बन्द होते ही उनके सुर बदल गए और धमकी देते हुए बोलकर गए कि पाँच दिन के अंदर मैडम को हमारे सामने पेश नहीं किया तो उनको बिना गिरफ्तारी के उठाकर ले जाएँगे और उनको निपटा देंगे। स्टाफकर्मी द्वारा वारेंट के बारे में पूछा गया तो वे कन्नी काट लिये। बता दें कि उनके साथ न ही कोई महिला पुलिस कर्मी थी और न ही उन्होंने स्थानीय पुलिस या प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
पत्र में भिलाई जिला के एसपी अभिषेक पल्लव के संरक्षण में पुलिसकर्मी टीआई दुर्गेश कुमार शर्मा व अन्य लोगों द्वारा असंवैधानिक कार्यवाही, धमकी देने पर पुलिस वालों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गयी है। साथ साथ सम्पादक, उनके परिवारजन, उनके स्टाफकर्मी को उचित सुरक्षा की मांग की गयी है।
https://www.indiainside.org/post.php?id=9047