गुजरात चुनाव से पहले रिटायर आईएएस अरुण गोयल चुनाव आयुक्त बने



--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

गुजरात में महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव से पहले सेवानिवृत्त नौकरशाह अरुण गोयल को चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया गया है। देश के शीर्ष चुनाव निकाय में तीसरा पद करीब छह महीने से खाली है।

कानून मंत्रालय की सिफारिश के बाद "राष्ट्रपति ने अरुण गोयल, आईएएस (सेवानिवृत्त) को चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति उस तारीख से मानी जायेगी जब वह पदभार ग्रहण करते हैं।" हालांकि उनकी नियुक्ति की तारीख अभी तय नहीं हुई है।

अरुण गोयल की चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब गुजरात में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। गुजरात में दो चरणों में चुनाव होंगे, जिसमें से पहले चरण का मतदान एक दिसंबर और दूसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर को होना है। दोनों चरणों के नतीजे आठ दिसंबर को जारी किए जाएंगे।

1985 बैच के पंजाब कैडर के अधिकारी, श्री गोयल मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त अनूप चंद्र पांडे के साथ पोल पैनल में शामिल होंगे।

अरुण गोयल 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे 31 दिसंबर 2022 को 60 साल की उम्र पूरी कर सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन एक महीने पहले ही उन्होंने अपने पद से 18 नंवबर यानी कल ही इस्तीफा दे दिया था।

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्र इस साल मई में राजीव कुमार को प्रभार सौंपते हुए सेवानिवृत्त हुए थे। बीते दो साल से चुनाव आयोग से दो सदस्यीय निकाय के तौर पर काम कर रहा था। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अयोग्य ठहराने की मांग सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों का अंजाम देना अभी बाकी है।

https://www.indiainside.org/post.php?id=8984