--राजीव रंजन नाग,
नई दिल्ली, इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ मनमोहन सिंह की तारीफ पर गडकरी को बताया 'मास्टर शेफ'
कांग्रेस ने बुधवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1991 के सुधारों को अधूरा बताने वाली उनकी टिप्पणी के लिए बुधवार को कटाक्ष किया और कहा कि मास्टर शेफ नितिन गडकरी ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का साथ देकर इसे पूरी तरह से और अच्छी तरह पकाया है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने मंगलवार को कहा था कि देश पूर्व प्रधानमंत्री सिंह का 1991 के आर्थिक सुधारों के लिए ऋणी है, जिसे उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में शुरू किया था।
केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आर्थिक सुधारों के जरिये देश को नई दिशा देने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री सिंह की मंगलवार को प्रशंसा करते हुए कहा था कि इसके लिए देश उनका ऋणी है।
वहीं गत सितंबर में सीतारमण ने एक कार्यक्रम में 1991 की तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों को ‘‘आधे-अधूरे सुधार'' करार दिया था और कहा था कि उस समय अर्थव्यवस्था सही तरीके से नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा थोपी गई बाध्यताओं के कारण खोली गई थी।
सीतारमण पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि 16 सितंबर को वित्त मंत्री ने 1991 के सुधारों को अधपका करार देकर छोटा कर दिया था। कल मास्टरशेफ गडकरी ने 1991 के आर्थिक सुधारों के लिए डॉ. मनमोहन सिंह को पूरा श्रेय देते हुए इसे पूरी तरह से और अच्छी तरह से पकाया है। रमेश ने ट्विटर पर कहा, मुझे उम्मीद है कि वह अब इसे पचा सकती हैं।
राजधानी में एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा था, ‘‘उदार अर्थव्यवस्था के कारण देश को नयी दिशा मिली। उसके लिए देश मनमोहन सिंह का ऋणी है।'' सितंबर में एक कार्यक्रम में बोलते हुए सीतारमण ने कहा था कि 1991 के आर्थिक सुधार तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा किए गए आधे-अधूरे सुधार थे, जहां अर्थव्यवस्था को सही तरीके से नहीं बल्कि आईएमएफ द्वारा लगाए गए सख्ती के अनुसार खोला गया था।
https://www.indiainside.org/post.php?id=8958