अयोध्या - प्रतिदिन दो हजार भक्तों को भोजन करा रही 'राम रसोई'



--अभिजीत पाण्डेय,
अयोध्या-उत्तर प्रदेश, इंडिया इनसाइड न्यूज़।

श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर का निर्माण शुरू होने के साथ ही अयोध्या में राम भक्तों की भीड़ बढ़ी है। ऐसे में रामजन्म भूमि परिसर से सटे अमावा मंदिर में संचालित ‘राम रसोई’ में भक्तों को निशुल्क भोजन दिया जा रहा है। रामलला के दर्शन कर जहां भक्त निहाल होते हैं वहीं राम रसोई में भोजन कर उनके मन को तृप्ति मिलती है।

अमावा मंदिर में पटना के महावीर मंदिर ट्रस्ट द्वारा ‘राम रसोई’ का संचालन किया जा रहा है। इसमें प्रतिमाह करीब 60 हजार भक्तों को निशुल्क भोजन दिया जा रहा है। प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक ‘राम रसोई’ में भक्तों को कूपन मिलता है। विभिन्न जिलों व प्रदेशों से आने वाले भक्त निशुल्क भोजन पाकर आनंदित हो उठते हैं।

राम रसोई में भक्तों को नौ प्रकार के व्यंजन परोसे जाते हैं। जिसमें दो प्रकार की सब्जी, कचौड़ी, चटनी, चावल, दाल, देशी घी, तिलौड़ी आदि शामिल होता है। ‘राम रसोई’ के संचालक पूर्व आईपीएस किशोर कुणाल बताते हैं कि ‘राम रसोई’ में औसतन दो हजार दर्शनार्थी नित्य भोजन करते हैं।

अब रामलला के भक्तों की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में हम प्रतिदिन 10 हजार भक्तों को भोजन कराने की तैयारी कर रहे है। उन्होंने बताया कि ‘राम रसोई’ के लिए सालाना 3.20 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। जरूरत के हिसाब से बजट में वृद्धि की जा सकती है। अमावा मंदिर में इस व्यवस्था के लिए करीब 110 लोगों को लगाया है।

किशोर कुणाल ने राममंदिर के लिए 10 करोड़ देने का भी एलान कर रखा है। पटना महावीर मंदिर ट्रस्ट की ओर से किशोर कुणाल द्वारा राममंदिर के लिए चार करोड़ का दान पहले ही किया जा चुका है। श्रीराम जन्मभूमि के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास कहते हैं कि अयोध्या आने वाले भक्तों को भोजन के लिए अब भटकना नहीं पड़ता है।

रामलला का दर्शन कर बाहर निकलने के बाद उन्हें तुरंत भोजन प्रसाद ‘राम रसोई’ में मिल जाता है वह भी निशुल्क। इस रसोई में छोटा-बड़ा कोई नहीं होता है। सभी एक पंक्ति में बैठकर भोजन कर आनंदित होते हैं, उनका मन तृप्त होता है।

गाजीपुर के भक्त प्रेम शर्मा ने कहा कि भोजन के लिए भटकना नहीं पड़ा। यहां पहुंचते ही तुरंत भोजन मिल गया। शहर से आए परमेंद्र सिंह ने कहा कि अमावा मंदिर की यह बहुत ही सुंदर पहल है। गोरखपुर से आए शशिनाथ मिश्र ने कहा कि ‘राम रसोई’ में एक साथ अयोध्या व मिथिला के भोजन का स्वाद पाकर मन आनंदित हो उठा। गाजीपुर निवासी मनोज यादव ने कहा कि अमावा मंदिर ने भक्तों के लिए बहुत ही अच्छी व्यवस्था कर रखी है। बस्ती निवासी पंकज कुमार बोले कि जय श्रीराम के जय घोष के साथ प्रसाद ग्रहण कर मन को तृप्ति मिली।

https://www.indiainside.org/post.php?id=8766