खटीमा-उत्तराखंड,
इंडिया इनसाइड न्यूज़।
■ मुख्यमंत्री का अपने गृह क्षेत्र में दो दिवसीय कार्यक्रम
■ पहले दिन विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को अपने निर्धारित गृह जनपद में दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान गुरुकृपा राईस मिल, खटीमा पहुंचे जहाँ कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-माला व पुष्पगुच्छ देकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अलमोड़ा सांसद अजय टम्टा ने भी शिरकत की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों व आशा कार्यक्रतियों द्वारा ज्ञापन दिया गया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने न्याय पंचायत बण्डिया में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर के लिए प्रस्थान किया। शिविर में पहुंचने से पहले उन्होंने बूथ कार्यकर्ता सतीश मौर्य के निवास पर भोजन ग्रहण किया। तत्पश्चात मुख्यमंत्री वा सांसद शिविर में पहुंचे।
शिविर में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का फूल- मालाओं, पुष्पगुच्छ व बड़ी माला से भव्य स्वागत किया। शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के लगे स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर शिविर में 150 से अधिक शिकायतों का पंजीकरण किया गया, जिसमें से कई शिकायतों को मुख्यमंत्री ने स्वंय सुना व उसका मौके पर ही निस्तारण किया व सम्बन्धित अधिकारियों को समस्या/शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्र ने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए कहा कि हमारी सरकार सरलीकरण, समाधान व निस्तारण इन तीन बिंदुओं पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो कार्य जिस स्तर का हो उसका निस्तारण उसी स्तर पर करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यदि बेवजह शिकायतें उच्च स्तर पर आएगी तो सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार इस प्रकार की कार्यप्रणाली से कार्य कर रही हैं। हम उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बनाना चाहते हैं ताकि अंतरास्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड प्रदेश को ख्याति प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में निरन्तर प्रदेश का चहुमुँखी विकास हो रहा है। भारत सरकार द्वारा खटीमा से पीलीभीत जाने वाली सड़क को नेशनल हाईवे में परिवर्तित किया जाएगा जिसके लिए परिवहन मंत्री भारत सरकार से वार्ता हो चुकी है जिस पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा। नानकमत्ता विधानसभा में स्थित नानक सागर में वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा कार्य किया जा रहा है जो क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि नानकमत्ता विधानसभा में आने वाले पर्यटकों की सुविधा हेतु हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जाएगी व खटीमा में यात्रियों की सुविधा हेतु विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि 54 किलोमीटर नेशनल हाईवे-70 पर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाएगा व मेलघाट में छट पूजा घाट का निर्माण किया जाएगा। खटीमा बाईपास का निर्माण कार्य आगामी दिसम्बर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में 15 सितम्बर से सड़कों को गड्डामुक्त करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा लघु भारत है क्योंकि यहाँ सभी धर्मों के लोग आपस में मिलजुल कर निवास करते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार निरन्तर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने हेतु महिलाओं को स्वंय सहायता समूह से जोड़ने कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आगे भी विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम कर रही हैं जिससे लोगों को विभिन्न रोजगारों से जोड़ा सके। जगबुड़ा पुल को लेकर नेपाल से वार्ता की जायेगी अगर बात सकारात्मक हुई तो पुल का शीघ्र निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जायेगा व भारामल मन्दिर का सौन्दर्यकरण का कार्य प्रथम चरण में प्रारम्भ हो चुका है। वन चेतना मैदान में स्टेडियम का निर्माण शीघ्र किया जायेगा। उन्होने सम्बन्धित अधिकारियो को निर्देश दिये कि खटीमा क्षेत्र में आगामी दस दिनों में जमीनों से जुड़े मामलो का निस्तारण करना सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनता के द्वारा के तहत कार्य कर रही हैं। आप लोगों के स्नेह-प्यार से जिम्मेदारी बढ़ी है जिससे आप लोगों से कम मिलना जुलना हो पा रहा है किन्तु मैं मन व आत्मा से सदैव आपके बीच व आपके साथ हूँ। इस अवसर पर उन्होंने दिव्यांगजनो को ट्राइसाइकिल व वॉकर, श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कार्ड वितरित किए। इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने खटीमा बाजार स्थित हनुमान मंदिर में जाकर शीश झुकाकर प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधायक डाॅ. प्रेम सिंह राणा, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, उपाध्यक्ष किसान आयोग राजपाल सिंह, कुमाऊं आयुक्त सुशील कुमार, आईजी अजय रौतेला, जिलाधिकारी रंजना राजगुरू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगई, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी, सहायक निदेशक संजय कुमार छिम्वाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डी एस पंचपाल, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, निर्मला बिष्ट, अध्यक्ष सतीश अरोड़ा, नवीन, देवेन्द्र, हिमांशु, नन्दन सिंह, किशन सिंह, देवेन्द्र, संतोष, भावना, अजय, किशोर, पूर्व प्रधान किशनलाल, श्याम सुन्दर, वचन मौर्य, कैलाश मनराल, हिमांशु बिष्ट, विकास शर्मा, हयाल सिंह बिष्ट, धन सिंह बिष्ट, विकास सक्सेना, उर्मिला, दिगम्बर के साथ अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
https://www.indiainside.org/post.php?id=8325