तापस कुमार नाग एवं जे• एल• सिंह को एनसीएल परिवार ने दी भावभीनी विदाई



▪☆▪ बी• आर• रेड्डी ने कहा, निवर्तमान सीएमडी श्री नाग की सेवानिवृत्ति से भारतीय कोयला उद्योग के एक युग का अंत

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड परिवार ने मंगलवार शाम अपने निवर्तमान सीएमडी तापस कुमार नाग व कृति महिला मंडल की निवर्तमान अध्यक्षा श्रीमती नीना नाग तथा निवर्तमान निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) जे.एल. सिंह व कृति महिला मंडल की निवर्तमान उपाध्यक्षा श्रीमती रीता सिंह को भावभीनी विदाई दी। एनसीएल मुख्यालय ऑफिसर्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित समारोह में कंपनी के वर्तमान सीएमडी बी.आर. रेड्डी, निदेशक (कार्मिक) सुश्री शांतिलता साहू, निदेशक (तकनीकी/संचालन) गुणाधर पांडेय, निदेशक (वित्त) पी.एस.आर.के. शास्त्री, कृति महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती प्रतिमा पांडेय तथा कौशल्या शास्त्री बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

कोयला उद्योग में 38 वर्षों से अधिक के अनुभव के महासमुद्र से लबरेज श्री नाग ने इस अवसर पर एनसीएल में बतौर सीएमडी अपने तीन वर्षों के कार्यकाल के संस्मरण को विशेष रूप से साझा करते हुए कंपनी अधिकारियों को मैनेजमेंट के कई मंत्र दिए। एनसीएल में मिले अगाध प्रेम, स्नेह, सहयोग व सम्मान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए इसे ‘सुखद सफर’ की संज्ञा देते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में एनसीएल ने कोयला उत्पादन एवं प्रेषण के क्षेत्र में जो भी उपलब्धियां हासिल कीं, वह एक बेहतरीन टीम के समर्पित सहयोग के बिना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य़कारी निदेशक मंडल, कर्मठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, मुख्यालय की पूरी टीम सहित टीम एनसीएल का साथ यदि उनके अनुभवजनित सोच को आगे ले जाने में नहीं होता, तो शायद आज एनसीएल सम्मानजनक ग्रोथ की स्थिति में न होता और अब हालात यह हैं कि आगामी कुछ वर्षों तक कंपनी पीछे मुड़कर नहीं देखेगी। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के जरिये कंपनी के गुड विल को नया आयाम देने में कृति महिला मंडल एवं क्षेत्रीय महिला समितियों के समेकित योगदान की विशेष सराहना करते हुए तथा ‘कंपनी चलाना, घर चलाने जैसा है’ की भावना पर जोर देते हुए उन्होंने कंपनी के युवा अधिकारियों की प्रतिभाओं को और तराशे जाने पर जोर दिया और कहा कि ऊर्जा भरी युवा अधिकारियों की टीम की आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है।

भावनात्मकता से ओतप्रोत अपने उद्बोधन में निवर्तमान निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) जे.एल.सिंह ने कंपनी को मां की संज्ञा दी और कहा कि इससे बिछड़ने का असहास ठीक वैसा ही है, जैसे बच्चे को मां से अलग होने पर होता है। अपने कार्य अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि एनसीएल की टीम सबसे अच्छी है और कंपनी की कामयाबी का श्रेय इसी टीम को जाता है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि मौजूदा और भावी टीमें कंपनी को और नए शिखर पर ले जाएगी।
कंपनी के वर्तमान सीएमडी बी.आर.रेड्डी ने कंपनी को इस ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए विदाई विभूतियों का आभार जताया। उन्होंने कई दृष्टांत देते हुए कहा कि श्री नाग की सेवानिवृत्ति के साथ के कोयला उद्योग के एक युग का अंत हो गया है और कोयला उद्योग में उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकेगी।

समारोह में युवा अधिकारियों की टीम ने अद्भुत सांस्कृतिक प्रस्तुति से अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया और अतिथियों में इन ऊर्जावान सांस्कृतिक प्रतिभाओं की भरपूर सराहना की। कार्यक्रम में मुख्यालय ऑफिसर्स क्लब के उपाध्यक्ष एनसीएल के महाप्रबंधक (उत्खनन) राजेन्द्र राय अतिथियों का स्वागत संबोधन किया। क्लब के अध्यक्ष एनसीएल के महाप्रबंधक (कॉरपोरेट प्लानिंग एवं सीएमसी) संजय मिश्रा ने कार्यक्रम में शरीक होने के लिए अतिथियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में एनसीएल के सभी कोयला क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष तथा एनसीएल मुख्यालय अधिकारी क्लब के सदस्य उपस्थित थे।

https://www.indiainside.org/post.php?id=810